Rewa News: रीवा में डिप्टी सीएम ने प्रतिभाशाली निशानेबाज यश पाण्डेय को किया सम्मानित
10 मीटर राईफल में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश का किया था प्रतिनिधित्व
रीवा। रीवा के प्रतिभाशाली निशानेबाज यश पाण्डेय ने भोपाल में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। यश पाण्डेय ने 10 मीटर राइफल में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश और रीवा का मान बढ़ाया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने यश पाण्डेय को निज निवास में सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुए हैं। जिन्होंने राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यश भी राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय ही नहीं ओलम्पिक में पदक प्राप्त करें। उप मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ देकर तथा मिठाई खिलाकर यश को सम्मानित किया और उत्साहवर्धन किया।
भैरवबाबा मंदिर के निर्माण कार्यों का लिया जायजा
रीवा जिले की गुढ़ तहसील के समीप भैरव बाबा का प्रसिद्ध मंदिर है। मंदिर परिसर में भैरव बाबा की जमीन पर लेटी हुई विशाल प्रतिमा है। मंदिर परिसर में चल रहे सौन्दर्यीकरण के कार्य का उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जायजा लिया। शुक्ल ने भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को 31 जनवरी तक पूरा कराएं। भैरव बाबा मंदिर परिसर का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा। सोलर पार्क और गुढ़ औद्योगिक विकास केन्द्र के बीच यह महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल बन सकता है। इस अवसर पर नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधि उनके साथ रहे।