Rewa News: रीवा के लक्ष्मणबाग गौशाला में उप मुख्यमंत्री ने किया गौपूजन
गौमाता और जनता के आशीर्वाद से मुझे रीवा के विकास की शक्ति मिलती है: राजेन्द्र शुक्ल

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के जन्मदिवस पर लक्ष्मणबाग मंदिर परिषर तथा गौशाला में जन्म उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग मंदिर में पहुंचकर विभिन्न देवताओं के दर्शन तथा पूजा अर्चन किया।
श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला में गौमाता की पूजा करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया तथा जन्मदिवस के अवसर पर देवी स्वरूप कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने गौशाला की गौमाता के लिए आयोजित भण्डारे का शुभारंभ कर गौमाता को विभिन्न व्यंजन खिलाए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्मणबाग की पावन भूमि पर जन्मदिन मनाया जाना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य और गौरव का क्षण है। गौमाता और जनता के आशीर्वाद से मुझे रीवा और विन्ध्य के विकास की शक्ति मिली है।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल राजनीति की काटों और कलंक भरी गली से भी बेदाग रहे हैं। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश मिश्रा तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने समारोह में भाग लेकर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को जन्मदिन की बधाई दी।
कुंडेश्वरनाथ मंदिर में किया पूजन
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जन्मदिवस के अपसर पर ईको पार्क में स्थित कुंडेश्वरनाथ शिव मंदिर में सपत्नीक पूजा अर्चना की। उप मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का दूध गंगा जल और शुद्ध जल से अभिषेक करके पूजा अर्चना की।
प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी संस्थान में किया गया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को प्रजापिता ब्राम्हकुमारी ईश्वरी विश्वविद्यालय रीवा में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। संस्थान की प्रमुख बहन ब्राम्हकुमारी निर्मला ने उप मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दी तथा केक खिलाकर मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे जन्मदिवस पर ब्राम्हकुमारी संस्थान जैसे आध्यात्मिक चेतना के केन्द्र से आशीर्वाद मिलना बहुत बड़ा सौभाग्य है।