Rewa News: उप मुख्यमंत्री ने कहा- भवन बनते ही कैंसर के उपचार की आधुनिक सुविधा हो जाएगी शुरू
रीवा में उप मुख्यमंत्री ने किया प्रदेश की प्रथम डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ
सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रिक्त पदों में भर्ती की कार्यवाही तेजी से करें: राजेन्द्र शुक्ल
रीवा। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में श्यामशाह मेडिकल कॉलेज की सामान्य सभा की बैठक मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 13 किडनी ट्रांसप्लांट और 36 ओपन हार्ट सर्जरी के सफल ऑपरेशन होना यहां के लिए बड़ी उपलब्धि है। संचालक चिकित्सा शिक्षा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में रिक्त पदों में भर्ती की प्रक्रिया तेज करें। जिससे यहाँ नये विभागों में कार्य शुरू हो सके।
कैंसर अस्पताल में होगी 200 बेड में भर्ती की सुविधा

डीन सुपर स्पेशलिटी के डॉक्टरों को आयुष्मान योजना की शेष बची प्रोत्साहन राशि का तत्काल वितरण करायें। डॉक्टरों के लिए दो माह में आधुनिक आवास भी उपलब्ध हो जायेंगे। कैंसर यूनिट भवन का निर्माण पूरा होते ही दो माह में कैंसर के उपचार की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो जायेगी। कैंसर के उपचार के लिए लीनेक और पेट स्केन मशीन शीघ्र स्थापित हो जायेगी। कैंसर अस्पताल में 200 बेड में भर्ती की सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रदेश की प्रथम डिजिटल लाइब्रोरी का शुभारंभ किया गया है। इसमें पाँच हजार किताबें डिजिटली उपलब्ध है। एक किताब को कई विद्यार्थी एक साथ पढ़ सकते हैं।
इसके लॉगिन पासवर्ड से किताबों को डाउनलोड करने की भी सुविधा रहेगी। मेडिकल के विद्यार्थी घर से भी इसका लाभ उठा सकते हैं। इसमें 4 लाख प्रश्न और उत्तर भी उपलब्घ है। मेडिकल एजुकेशन के लिए यह रीवा की बड़ी उपलब्धि है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य तेजी से पूरा करायें। मेडिकल कॉलेज में 250 सीटों के अनुसार क्लासरूम छात्रावास तथा स्टाफ की व्यवस्था करें। रीवा में प्रदेश का दूसरा शासकीय डेंटल कॉलेज खुलने जा रहा है। इसके भवन निर्माण के लिए 36 करोड़ रूपये मंजूर हो गये हैं। डीन मेडिकल कॉलेज इस वर्ष विभिन्न कार्यों के लंबित बिलों का तत्काल भुगतान करायें। कार्यपालन यंत्री को ट्रांसफार्मर सुधार की राशि का भी तत्काल भुगतान करें। नगर निगम को भी 25 लाख रूपये के सेवा कर का भुगतान करायें।
बैठक में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के खाली पदों को भरने के विशेष प्रयास करें। वित्तीय प्रबंधन तथा वैन पंजीयन में लापरवाही बरतने वालों पर कार्यवाही करें।
बैठक में विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के खुलने से गंभीर रोगियों का बाहर जाना बहुत घट गया है। इस अस्पताल की सेवाओं में विस्तार करें। बैठक में संचालक चिकित्सा शिक्षा अरूणा कुमार ने कहा कि सामान्य सभा में पारित प्रस्ताओं तथा दिए गये निर्देशों का एक माह में पूरी तरह से पालन कराया जायेगा।
लंबित बिलों के भुगतान, भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने तथा मेडिकल कॉलेज के लिए वित्त पोषण के लिए आवश्यक हुआ तो नियमों में भी परिवर्तन किया जायेगा। बैठक में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल ने विभिन्न कार्यों, आय व्यय और गत बैठक के निर्णय पर कार्यवाही की जानकारी दी।
ये रहे उपस्थित
बैठक में पूर्व डीन डॉ. एपी.एस. गहरवार, डॉ. आनंद सिंह, अधीक्षक संजय गांधी हॉस्पिटल डॉ. राहुल मिश्रा, अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी डॉ. अक्षय श्रीवास्तव, डॉ. प्रियंक शर्मा, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी सामान्य सभा के सभी सदस्य तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।