Rewa News: रीवा आईजी के मुख्य आतिथ्य में नशा मुक्ति अभियान का हुआ समापन, पुलिस अधिकारियों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
नशा सामाजिक बुराई है इससे मिलकर लड़े: गौरव राजपूत

रीवा। नशा एक सामाजिक बुराई है और इससे हम सभी को मिलकर लड़ना होगा। नशा तब तक समाज से दूर नहीं हो सकता है जब तक हम इससे मिलकर नहीं लड़ेंगे। यह बात आज आईजी गौरव राजपूत ने नशा मुक्ति अभियान के समापन अवसर पर व्यक्त की।
पुलिस का पन्द्रह दिवसीय नशा मुक्ति अभियान चला जिसमें पुलिस ने सभी लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। आज इस कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह, एसपी विवेक सिंह, एएसपी आरती सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस ने मानव श्रंखला बनाकर नशा मुक्ति का मैसेज जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक पेश किया और नशा के बारे में आम लोगों को बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि नशा आज हमारे समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है।
जितना हमे दुश्मनों से खतरा नहीं है उतना इस नशे से खतरा है। नशा तिल-तिल कर लोगों को मार रहा है। लोग इस बुराई में पड़कर अपना अपराधी बन रहे है और अपने जीवन को नशे की भेंट चढ़ा रहे है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी राजेश सिंह ने कहा कि नशे की वजह से कई घर बर्बाद हो चुके है। कई लोग तबाह हो चुके है। हमे इस बुराई को समाप्त करना है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। नशे के दलदल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी विवेक सिंह ने कहा कि हमे नशे के खिलाफ कार्रवाई करते है लेकिन सिर्फ कार्रवाई इस समस्या का हल नहीं है। जब डिमांड है तो उसके अनुपात में तस्कर नशे का सामान मंगवाते है। यदि डिमांड नहीं रहेगी तो कारोबार अपने आप बंद हेा जाएगा।
लाखों लोगों तक पहुंचाया नशा मुक्ति का संदेश
रीवा जिले में पुलिस ने बड़े स्तर पर नशा मुक्ति का अभियान चलाया था। जो लोग नशे के दलदल में फंसे हुए थे उनको इससे बाहर निकालने के लिए नशा मुक्ति का अभियान चलाया और उनको नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
हस्ताक्षर अभियान, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, स्कूल व कालेजों सहित कई स्थानों पर पुलिस ने अलग-अलग दिनों में कार्यक्रमों का आयोजन किया और आम लोगों को इस बुराई से लड़ने के लिए प्रेरित किया।