Rewa News: रीवा में कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी व मत्स्य विभाग की समीक्षा की

जैविक व प्राकृतिक खेती करने हेतु चयनित किसानों के क्षेत्र प्रदर्शन से अन्य को भी कराएं जागरूक: प्रतिभा पाल

 | 
Rewa

जय ज्योति सीनियर सेकेण्डरी स्कूल जेपी नगर को दिया कारण बताओ नोटिस

रीवा। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में कृषि, उद्यानिकी तथा मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में जैविक व प्राकृतिक खेती करने के लिए चिन्हित किसानों के खेतों का अन्य किसानों को भ्रमण कराएं तथा उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि माइक्रोप्लानिंग कर फील्ड में किए गए कार्य का प्रदर्शन भी कराएं।


बैठक में कलेक्टर ने जिले में जैविक व प्राकृतिक खेती के लिए चयनित किसानों व उनके क्लस्टर की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि किसानों का सत्यापन कर प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करें तथा उन्हें आनबोर्ड भी कराएं।


कलेक्टर ने कहा कि चयन उपरांत आने वाले समय में किसान द्वारा किए जाने वाले कार्य तथा उसके परिणाम से अन्य किसानों को जागरूक करें ताकि इससे प्रेरणा लेकर अन्य किसान भी प्राकृतिक व जैविक खेती अपनाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कृषि यंत्री करण के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएँ सामने आयी हों वहां सुपरसीडर उपयोग के लिए अधिक से अधिक किसानों को प्रेरित करें।


बैठक में अनुपस्थित कृषि यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। उन्होंने मत्स्य पालकों के सहकारी संस्थाओं के समन्वय से किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने के निर्देश विभागीय अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने उद्यानिकी फसलों के लिए कलेक्टर्स कांफ्रेंस में निश्चित एजेण्डा अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।


बैठक में बताया गया कि जिले में जैविक खेती के लिए 500-500 हेक्टेयर का चयन किया गया है जिसमें 788 किसान शामिल हैं। जबकि प्राकृतिक खेती के लिए 20 क्लस्टर में 1000 हेक्टेयर में 1750 किसान चयनित किए गए हैं। किसानों की सहमति के उपरांत उन्हें प्रशिक्षण देकर खेती के लिए बीजामृत व अन्य जरूरी परामर्श दिया गया। 


बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, उप संचालक कृषि यूपी बागरी, उप संचालक मत्स्य अंजना सिंह, सहायक संचालक उद्यान बीएस सेंगर सहित एसएडीओ, आत्मा परियोजना के अधिकारी कर्मचारी तथा एफपीओ उपस्थित रहे। 


जय ज्योति सीनियर सेकेण्डरी स्कूल जेपी नगर को शोकॉज़ नोटिस
वहीं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जय ज्योति सीनियर सेकेण्डरी स्कूल जेपी नगर के संचालक/प्राचार्य को अभिभावकों की बिना जानकारी के शुल्क में वृद्धि किए जाने तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा टीसी न दिए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 


उल्लेखनीय है कि गतदिनों जनसुनवाई में अभिभावकों द्वारा स्कूल प्रबंधन द्वारा मनमानी शुल्क वृद्धि व टीसी न देने की शिकायत की गई थी। तीन सदस्यीय प्राचार्यो की जांच समिति द्वारा दिए गए जांच प्रतिवेदन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा मध्यप्रदेश निजी विद्यालय फीस तथा संबंधित विषयों के विनिमयन का उल्लंघन पाया गया। कलेक्टर द्वारा विद्यालय प्रबंधन को 2 लाख रूपए की शास्ति अधिरोपित किए जाने का नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।