Rewa News: रीवा एयरपोर्ट पर उतरेंगे बोईंग विमान, रनवे 2700 मीटर तक बढ़ेगा
करीब 140 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण, 400 करोड़ रुपए के बजट से विस्तार; दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के रूप में रीवा हवाई अड्डे का एक बार फिर विस्तार किया जाएगा। राज्य सरकार ने एयरपोर्ट के रनवे को वर्तमान 2100 मीटर से बढ़ाकर 2700 मीटर करने की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे भविष्य में बोईंग श्रेणी के बड़े यात्री विमान भी रीवा एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे। इसके लिए करीब 140 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिस पर लगभग 400 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
राज्य के विमानन विभाग द्वारा इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में राजस्व विभाग का सहयोग लिया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे राज्य मंत्रिमंडल की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
वर्तमान में रीवा हवाई अड्डे का संचालन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के पास है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तारित रनवे के निर्माण के लिए अधिगृहित भूमि भी एएआई को हस्तांतरित की जाएगी। सरकार ने दिसंबर 2026 तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
रनवे के विस्तार के बाद रीवा एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे बड़े विमानों का संचालन संभव होगा और विंध्य क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। साथ ही उद्योग, पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।