Rewa News: रीवा मेें बाइक सवार बदमाशों ने सब्जी व्यापारी पर किया हमला, 1.20 लाख रुपए की लूट
विवि पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दर्ज किया प्रकरण, आरोपियों की पतासाजी जारी

रीवा। सुबह अज्ञात बदमाशों ने सब्जी व्यापारी पर चाकू से हमला बोल दिया। आरोपी उनके पास से नकद रुपए लूटकर भागने में कामयाब हो गए। सुबह लूट की घटना सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। पूरे शहर में नाकाबंदी की गई लेकिन घटनाकारित करके भागे आरोपियों का कोई निशान नहीं मिल पाया है।
बताया गया है कि बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी के साथ लूट की घटना की है। जवा में रहने वाले सब्जी विक्रेता सुबह सब्जी लेने के लिए अपने वाहन से करहिया मंडी आ रहे थे। सुबह पांच बजे के आसपास वे विवि के पास आए तो पीछे से दो अज्ञात बदमाश आए और उनका रास्ता रोक लिए।
जैसे ही उन्होंने अपनी गाड़ी को रोका तभी अज्ञात बदमाश उन पर टूट पड़े। आरोपियों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला किया जिसमें वे जख्मी हो गए। इसके बाद आरोपी उनके पास रखे 1.20 लाख रुपए लेकर भागने में कामयाब हो गए। घटना के उपरांत बदमाश बाईपास की ओर भागे थे जिनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
बताया गया है कि सुबह घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस तुरंत स्पॉट में पहुंच गई। बदमाशों की पतासाजी के लिए नाकाबंदी कराई गई। बदमाशों की तलाश में घंटो पुलिस की गाड़ियां दौड़ी लेकिन उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण् कायम कर लिया है। आरोपी शायद देहात के हो सकते है जो उनका काफी दूर से पीछा कर रहे थे। तड़के लूट की घटना करके बदमाशों ने प्रभात गश्त की कलई खोलकर रख दी।