Rewa News: ऑडी कार ने शादी के अरमानों पर फेरा पानी, मोटर साइकिल सवार पिता-पुत्र सहित तीन की मौत
रायपुर कर्चुलियान पुलिस स्पॉट में पहुंची, घटना को जांच में लिया
रीवा। हाइवे में गुजर रही एक 72 लाख की ऑडी कार ने एक परिवार के शादी के अरमानो पर पानी फेर दिया। तेज गति से दौड़ रही ऑडी कार के चालक ने मोटर साइकिल सवारों को ठोकर मार दी जिसमें तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस स्पॉट में पहुंच गई और घायलों को आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया जहां उनकी मौत हो गई। घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
बताया गया है कि एक बेकाबू कार ने मोटर साइकिल सवारों को ठोकर मार दी। सेमरिया के चचाई से भागवत विश्वकर्मा पिता राममणि विश्वकर्मा 55 साल अपने पुत्र शिवम विश्वकर्मा के साथ बेटे की शादी का कार्ड बांटने के लिए निकले थे।
उन्होंने अपनी रिश्तेदारी में कई स्थानों में कार्ड बांटे और दोपहर वे भंाजी शीतल विश्वकर्मा पति दिलीप 32 वर्ष निवासी रतहरा के घर गए थे जहां पर कार्ड दिये और वहां से भांजी को अपनी मोटर साइकिल में बैठाकर वापस जा रहे थे। वे लोग कोष्ठा के पास आये तो वहां रोड क्रास करने लगे।
रोड क्रॉस करते एक मनगवां तरफ से 72 लाख रुपये की आडी कार आई। कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को ठोकर मार दी जिसकी वजह से मोटर साइकिल में सवार तीनों लोग सड़क में गिरकर जख्मी हो गये। उनको काफी ज्यादा चोट आई थी। बताया गया है कि घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई।
हल्ला-गुहार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायलों को अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लाशों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। मर्ग काायम कर घटना को जांच में लिया है।

24 फरवरी को निश्चित हुई थी बड़े बेटे की शादी
इस दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले भागवत विश्वकर्मा के बड़े पुत्र शुभम विश्वकर्मा की शादी 24 फरवरी को तय हुई थी। बेटे के सिर में सेहरा बांधकर परिवार दुल्हन लेने जाने वाला था। उसी की तैयारी के लिए पिता अपने छोटे पुत्र के साथ कार्ड बांटने के निकले थे। कई जगह कार्ड बांट चुके थे लेकिन वे घर वापस नहीं लौट पाए। हादसे में उनकी जान चली गई।
दिल्ली से ऑडी गाड़ी से रीवा आया था परिवार
आडी गाड़ी का मालिक दिल्ली का निवासी बताया जा रहा है जो अपनी आडी गाड़ी से परिवार के अन्य लोगों के साथ रीवा आया था। रीवा में वैवाहिक कार्यक्रम में उनको शामिल होना था जिसके लिए वे 72 लाख की गाड़ी से आये थे लेकिन उनकी इस गाड़ी ने परिवार के अरमानों पर पानी फेर दिया। पिता की अपने पुत्र के सिर में सेहरा बंधते देखने की इच्छा अधूरी रह गई।
इनका कहना है-
एक आडी गाड़ी के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल सवारों को ठोकर मार दी। मोटर साइकिल में तीन लोग बैठे थे जिनकी दर्दनाक मौत हो गई। तुरंत पुलिस स्पॉट में पहुंच गई थी। वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया गया है।
-अतुल त्रिपाठी, टीआई रायपुर कर्चुलियान