Rewa News: रीवा में लूट की घटनाओं से आक्रोशित अग्रवाल समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

कार्रवाई की उठाई मांग, आए दिन हो रही लूट की घटनाएं

 | 
REwa

रीवा। लूट की घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। अधिकारियों से मिलकर उन्होंने बदमाशों को पकड़ने और लूटा गया सामान बरामद करने की मांग उठाई है। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने के लिए आश्वासन दिया है। 


बताया गया है कि लूट की घटनाओं से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गत दिवस ढेकहा तिराहा में राखी अग्रवाल पति सुनील अग्रवाल साकिन खुटेही का पर्स अज्ञात बदमाश छीनकर भाग गए थे जिसमें लाखों के रुपए के जेवर व कैश रखा हुआ था।

घटना की रिपोर्ट थाने में लिखवा दी गइ है लेकिन आरोपियों के बारे में कुछ भी पता नहीं चला है। इससे आक्रोशित अग्रवाल समाज के लोगों ने आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने लूट के आरोपियों को जल्द पकड़कर लूटा गया मशरुका बरामद करने की मांग उठाई है।


 अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि जिले में आए दिन बाइकर्स गैंग घटनाएं कर रहा है। महिलाओं का तो घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति लोगों में भय का माहौल बनता जा रहा है। लूट की घटनाएं पुलिस की नाकामी को भी उजागर कर रही है। इन घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगना चाहिए जिससे महिला बिना किसी भय के घर से निकल सके। 


मऊगंज में फिर हुई चौथी लूट
बीती रात मऊगंज फिर चौथी लूट की घटना हुई है। इस बार फिर एक महिला बदमाशों का शिकार बन गई। अज्ञात बदमाश बीती रात महिला का पर्स छीनकर भागने में कामयाब हो गए। पर्स में मोबाइल, रुपए व जेवर रखे हुए थे। पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया है। 


बताया गया है कि बीती रात मऊगंज थाने के पन्नी ओवरब्रिज में लूट की घटना हुई है। देवतालाब से महिला अपने देवर के साथ मायके से ससुराल जा रही थी। पन्नी ओवर ब्रिज में पहुंचने पर पीछे से मोटर साइकिल से दो अज्ञात बदमाश आए और महिला का पर्स छीनकर भागने में कामयाब हो गए। पर्स में पायल, करधन और 9 हजार रुपए रखे हुए थे। महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला है। 


बताया गया है कि मऊगंज में लूट की चौथी घटना है। पिछले पन्द्रह दिन के भीतर ही बदमाशों ने लूट की चार घटनाएं कारित करन सबके होश उड़ा रखे है। पुलिस बदमाशों की पतासाजी में लगी हुई है लेकिन वे पुलिस से भी चार कदम आगे चल रहे है।