Rewa News: रीवा में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ प्रशासन ने तेज की जंग

कलेक्टर ने दिए 11 अप्रैल तक शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण के निर्देश

 | 
Rewa

रीवा। महिलाओं में तेजी से बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के खतरे को देखते हुए रीवा प्रशासन अब एक्शन मोड में है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को 11 अप्रैल तक हर हाल में पूरा किया जाए।


खुद टीका लगवाकर कलेक्टर ने पेश की मिसाल
बैठक के दौरान कलेक्टर ने एक प्रेरक जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं भी यह टीका लगवाया है। उन्होंने कहा, कि 'विश्व भर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका एचपीवी टीका ही है।'

 समाज में टीके को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे उन किशोरियों और अभिभावकों के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करें जिन्होंने यह टीका लगवाया है। रीवा में अब तक 4000 से अधिक किशोरियों का सुरक्षित टीकाकरण हो चुका है।


लापरवाही पर सख्त रुख: अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
टीकाकरण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने लक्ष्य प्राप्ति न होने तक सभी बीएमओ और जिला टीकाकरण अधिकारी का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। अभियान को गति देने के लिए अब आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों और छात्रावासों में पात्र छात्राओं की सूची बनाकर अभिभावकों से सहमति पत्र प्राप्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।