Rewa News: रीवा में लड़कियों पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को तिहरे आजीवन कारावास की सजा
त्योंथर न्यायालय से हुआ ऐतिहासिक फैसला, आरोपी पर अर्थदण्ड भी लगाया

रीवा। तीन लड़कियों पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है। आरोपी पर अर्थदण्ड भी लगाया गया है। न्यायालय ने सुनवाई के उपरांत यह अहम फैसला दिया है। बताया गया है कि जनेह थाना क्षेत्र की यह पूरी घटना थी।
पनासी में रहने वाली राधा पाल पिता रामकिशोर पाल 20 वर्ष रात को अपने घर में सो रही थी। उसके साथ उसकी दो भतीजियां भी वहां पर सो रही थी। 7 जून 2021 की रात में आरोपी उमाशंकर केवट पिता श्यामलाल केवट 31 साल निवासी परासी थाना जनेह आया और उनके घर की छत में लगी सीमेंट की छत को फोड़कर उसने ऊपर से तेजाब फेंका जिससे युवती और उसकी दो भतीजियां झुलस गई थी।
हल्ला-गुहार करने पर घर वाले दौड़े तो उन्होंने आरोपी को भागते हुए देखा। घटना की रिपोर्ट थाने में लिखाई गई जिस पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम किया था। पूरे मामले की विवेचना में लिया। घटनाकारित करने वाले आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया। पुलिस ने प्रकरण की विवेचना की और सुनवाई हेतु चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया।
बताया गया है कि एडीजे न्यायालय त्योंथर में इस प्रकरण की सुनवाई चली। न्यायालय में शासकीय अधिवक्ता धीरज सिंह के द्वारा प्रस्तुत किए गए साक्ष्य और तर्कों से न्यायालय संतुष्ट हुआ और आरोपी को दोषी मानते हुए उसे तीहरे आजीवन कारवास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी को अर्थदण्ड भी लगाया गया है। यह प्रकरण पुलिस रिकार्ड में चिंहित अपराधों में शामिल था।