Rewa News: रीवा में समदड़िया बालाजी गोल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास दिखा 12 फीट का विशाल अजगर

शहर के कॉलेज रोड में नाले किनारे निर्माणाधीन काम्प्लेक्स के नजदीक सुबह-सुबह अद्भुत दृश्य देख दंग रह गए लोग, मचा हड़कंप

 | 
Rewa

- नाले किनारे निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के पास दिखा 12 फीट लंबा अजगर
-अचानक सामने आने से राहगीरों में मची अफरा-तफरी
- लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
- करीब 2 माह पहले भी इसी क्षेत्र में दिखा था अजगर
- नाले की ओर सरकते हुए अजगर हुआ ओझल

रीवा। शहर के व्यस्त कॉलेज रोड इलाके में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने नाले किनारे निर्माणाधीन समदड़िया बालाजी गोल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक विशालकाय अजगर को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर की लंबाई लगभग 12 फीट बताई जा रही है।

 


सुबह के समय जब स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक और अपने रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से बाहर निकले, तभी उनकी नजर इस अजगर पर पड़ी। मुख्य मार्ग के पास इतने बड़े सर्प को देखकर राहगीर हैरान रह गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

 


घटना के दौरान कुछ लोग अजगर को देखकर डर के कारण शोर मचाने लगे, जबकि कुछ ने उसे भगाने के उद्देश्य से छोटे-छोटे कंकड़ फेंकने शुरू कर दिए। हालांकि, इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम के फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

Rewa
मानस भवन के सामने नाले किनारे स्थित लम्बे समय से निर्माणाधीन समदड़िया काम्प्लेक्स

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले किनारे निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के सामने इन दिनों नाली खोदी गई है। नाली से निकाली गई मिट्टी पर सरक रहा था। वह काफी देर तक वहीं मौजूद रहा और फिर धीरे-धीरे सरकते हुए पास के नाले की ओर चला गया, जिसके बाद वह नजरों से ओझल हो गया।

 


गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व भी नाले किनारे निर्माणाधीन समदड़िया बालाजी गोल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास, मानस भवन के सामने, इसी प्रकार का एक विशाल अजगर देखा गया था। लगातार इस तरह की घटनाओं के सामने आने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वन विभाग से उचित कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।