Rewa News: रीवा में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का आयोजित हुआ 58वां स्थापना दिवस समारोह
शिक्षा में संस्कार के साथ स्वावलंबन, स्वाभिमान व मूल्य आवश्यक हैं: प्रहलाद सिंह पटेल

रीवा। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि शिक्षा में संस्कार के साथ स्वावलंबन, स्वाभिमान व मूल्य आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय शिक्षा का उद्गम स्थल है, जहाँ से कई पीढ़ियाँ सफलताओं के शिखर पर पहुंचती हैं और आने वाले समय में भी पीढ़ियाँ उत्तरोत्तर आगे बढ़ती रहेंगी।
उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मनीषियों के संकल्पों को पूरा करने का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के 58वें स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि शिक्षा सिर्फ बुद्धि बढ़ाने का माध्यम नहीं है।
शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की भी इसमें सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिश्रम से ही सफलता में उच्च स्थान प्राप्त होता है। सद्विचार व्यक्ति को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में सक्षम होते हैं। श्री पटेल ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, कुलगुरू राजेन्द्र कुमार कुड़रिया, कुलसचिव सुरेन्द्र सिंह ने भी अपना उद्बोधन दिया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका का विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्यजन, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी व कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्वर्गीय ब्रम्हानंद यादव को दी श्रद्धांजलि
प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री के ससुर स्वर्गीय ब्रम्हानंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। रीवा स्थित स्वर्गीय यादव के संजय नगर निवास में प्रभारी मंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।