Mauganj News: मऊगंज अस्पताल परिसर में फिर चोरी, बारात में शामिल होने गई महिला कर्मचारी के घर में घुसे चोर
50 हजार कैश और 2 लाख के जेवर पार, पुलिस जुटी पतासाजी में

मऊगंज। अस्पताल परिसर में फिर एक बार चोरी की घटना हुई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने महिला कर्मचारी के घर में घुस कर चोरी की है। कैश व जेवर लेकर चोर भागने में कामयाब हो गए। रविवार को सुबह आसपास के लोगों ने कर्मचारी को सूचना दी जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने स्पाट का मुआयना किया लेकिन घटनाकारित करने वाले आरोपियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
बताया गया है कि अज्ञात चोरों ने अस्पताल परिसर में फिर चोरी की घटना की है। मऊगंज सिविल अस्पताल की कर्मचारी निर्मला रजक परिसर के आवास में रहती थी। वे अपने घर में ताला बंद कर मझौली सीधी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने चली गई थी। अज्ञात चोरों ने बीती रात उनके घर का ताला तोड़ा।
चोरों ने आसपास रहने वाले लोगों के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। उसके बाद ताला तोड़कर वे अंदर घुसे। घर के अंदर अलमारी को तोड़ा जिसमें पचास हजार कैश और दो लाख के आभूषण रखे थे। चोर सिलाई मशीन व मिक्सर मशीन भी ले जाने का प्रयास किए लेकिन उसको बाहर छोड़कर चले गए।
बताया गया है कि बाहर की कुछ पान की गुमटियां थी जिनका भी ताला तोड़ा। वहां से कैश व गुटका मसाला लेकर चोर फरार हो गए। रात में कोई भी घटना के बारे में नहीं जान पाया। आज सुबह आसपास के लोग जागे तो उनके घर का दरवाजा बाहर से बंद था। फोन करके उन्होंने मदद बुलाई और कमरे का दरवाजा खुलवाकर बाहर आए तब कर्मचारी के घर का ताला टूटा देखा।
वापस आकर महिला ने थाने में लिखाई रिपोर्ट
आसपास के लोगों ने घटना के बारे में कर्मचारी को सूचना दी जिन्होंने वापस आकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। पुलिस ने पूरे स्पॉट का मुआयना किया। चोरी करने वाले आरोपी पेशेवर थे और उन्होंने कोई सुराग नहीं छोड़ा है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी करने में लगी है।
डॉक्टर के घर में हुई थी चोरी
अस्पताल परिसर में कोई अज्ञात चोरों की गैंग कर्मचारियों पर कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। चार दिन पहले डॉ. पंकज पाण्डेय के सूने आवास में चोरी की घटना हुई थी। उस चोरी की घटना की रिपोर्ट थाने में लिखाई गई थी लेकिन पुलिस एक सुराग नहीं जुटा पाई।
एक बार फिर चोरों ने बीती रात घटना की है। दोनों चोरियों का खुलासा करने में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है। वहीं महिला कर्मचारी का कहना था कि उनके घर में पहले भी दो बार चोरी की घटना हो चुकी हे जिसके आरोपी आज तक नहीं मिले है।