Mauganj News: मुख्यमंत्री ने देवतालाब में लगाई सौगातों की झड़ी

241 करोड़ 33 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण

 | 
Mauganj
देवतालाब और नईगढ़ी में बनेंगे नए तहसील भवन, बहुती प्रपात का पर्यटन विकास निगम करेगा विकास

मऊगंज। देवतालाब स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा में तथा नईगढ़ी एवं देवतालाब में तहसील भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवतालाब के अस्पताल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन होगा।

देवतालाब में शासकीय महाविद्यालय में ऑडिटोरियम और अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा। अनुसूचित जाति और जनजाति विद्यार्थियों के लिए दो छात्रावास भवन बनाए जाएंगे। बहुती जलप्रपात में पर्यटन विकास निगम विकास के कार्य कराएगा। अष्टभुजी माता मंदिर में सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। आदिवासी अंचल में टीपा बदोर से गढ़वा रोड तक 11 किलोमीटर की सड़क बनाई जाएगी। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि मऊगंज जिले को आज 241 करोड़ 33 लाख रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात मिली है। लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को दीवाली के बाद 1500 रुपए की राशि हर माह दी जाएगी।

हाल ही में हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना मंजूर की गई है। इससे रीवा संभाग के रीवा, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिलों के एक लाख 40 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी।


रीवा के सोलर प्लांट की बिजली से दिल्ली की मेट्रो रेल दौड़ रही है। मऊगंज के घुरेहटा में बाबा रामदेव के पतंजलि संस्थान द्वारा एक हजार करोड़ रुपए की लागत से कृषि पर आधारित उद्योगों का विकास किया जा रहा है।

इससे लाखों किसान लाभान्वित होंगे। उज्ज्वला गैस योजना से 64 हजार से अधिक गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। मऊगंज में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 44 हजार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के आवास मिले हैं। 

Mauganj

मुख्यमंत्री ने बनारस से आए लोक कलाकारों को 25 हजार रुपए, लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले दल के प्रत्येक सदस्य को पांच-पांच हजार रूपए तथा स्वागत गीत गाने वाली लोक गायिका राखी द्विवेदी को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।


 मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रीवा और मऊगंज में ही युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने समारोह में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने मंच में पहुंचने पर कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा कर लाड़ली बहनों और आमजनता का अभिनंदन किया। 

Mauganj

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने दो साल से कम समय में भी विकास किया है। विकास योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है। आज मऊगंज को 241 करोड़ रुपए की सौगात मिली है। क्षेत्र में सड़कों, नहरों और माइक्रो इरिगेशन परियोजना से विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। 


सीएम ने हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए 6 हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इससे मऊगंज जिले के हर खेत में पानी पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने रीवा में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और पर्यटन कान्क्लेव का आयोजन करके पूरे विंध्य में विकास के नए द्वार खोले हैं। 


समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक देवतालाब गिरीश गौतम ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत किया।  इस अवसर पर जन-प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जन समुदाय उपस्थित रहा।


देवतालाब को मिलीं ये सौगातें

REwa

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में 241.33 करोड़ रूपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 37.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 203.83 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। 


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (भवन सड़क) के 19.45 करोड़ के तीन कार्यों, लोक निर्माण (भवन) के 15.99 करोड़ रूपए के दो कार्यों, एक करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से निर्मित मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम तथा मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के 50 लाख रूपए से निर्मित कार्य का लोकार्पण किया।

 
मुख्यमंत्री ने 133.98 करोड़ रूपए की लागत से बनाई जाने वाली 11 सड़कों, 50.37 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले दो भवनों, 18.28 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले दो भवनों तथा एक करोड रूपए की लागत से बनाए जाने वाले पशुपालन विभाग के नवीन कार्यालय एवं पॉली क्लीनिक भवन का शिलान्यास किया। 

Mauganj

डॉ. यादव ने खर्रा से मऊगंज वाया बेलहा नानकार चमड़िया, पर्वा, मगनिया, बैजला, करही, पहरखा, सैलया, पन्नीमार्ग, खटखरी फोरलेन वाईपास मार्ग, घोरहा से खुजबा सुखदेव सिंह थापा हरूआ, खुजवा, सुअरहा, खुजरहन मार्ग, सूजी से अर्जन कहुआ पहुंच मार्ग, रघुनाथगंज से मनिकवार वाया पलिया शुकलान, करौदहा, मिसिरगवां मार्ग, गंगेव उमरिया गेरूआरी मार्ग, देवरा फरेदा से मनिकवार वाया हार्देहा मार्ग, कोरिगवा अस्पताल से मौलिया नरैनी तक फुलहा से भूसी तक मार्ग, डगडौआ एनएच से सतखरा तक मार्ग, फुलहा से झूसी मार्ग तथा देवतालाब नईगढ़ी रोड से गनिगवां अखिलेश सिंह के घर तक बनाए जाने वाले मार्गों का शिलान्यास किया। 


मुख्यमंत्री ने मऊगंज में संयुक्त जिला कार्यालय, राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए आवास गृहों, सर्किट हाउस तथा देवतालाब के शासकीय महाविद्यालय में बनाए जाने वाले स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।


हैं दिलदारों में दिलदार, मोहन जीजाजी हमार.....गीत ने बटोरी तालियां

Mauganj

देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पहुंचने से पहले मऊगंज की गायिका राखी द्विवेदी ने कई भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद जब मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे तो राखी ने, हैं दिलदारों में दिलदार, मोहन जीजाजी हमार.... गीत गाकर खूब तालियां बटोरी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राखी द्विवेदी के गाने की प्रशंसा की और गायिका को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। 


हितलाभ का किया वितरण

Mauganj

देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभागों के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही मानवी गुप्ता व कुकाव्या भारती को प्रमाण पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने मनरेगा अन्तर्गत एक बगिया माँ के नाम योजनान्तर्गत उर्मिला शर्मा व ममता विश्वकर्मा को हितलाभ का वितरण किया। 


उन्होंने कक्षा 10वीं में प्रदेश स्तर पर उच्चतम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को तथा स्नातक संकाय में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को मेधावी छात्र योजना के तहत पुरस्कृत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना, अनुग्रह सहायता राशि तथा दिव्यांग शिक्षा सहायता के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किए। 


पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया

Mauganj

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र देवतालाब पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व देवतालाब शिव मंदिर पहुंच कर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। उन्होंने भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। 


मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेश की निरंतर प्रगति और सुख तथा कल्याण की कामना की। दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने शिवकुंड का अवलोकन किया तथा इसके सौंदर्यीकरण कराए जाने की बात कही। मंदिर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार बांकेलाल के शहनाई वादन की मुख्यमंत्री ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। 


बहुती प्रपात पहुंचे सीएम, बोले- अद्भुत

Mauganj

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज जिले के पहले प्रवास पर नईगढ़ी जनपद पंचायत के बहुती ग्राम पंचायत पहुंचने पर बहुती प्रपात का अवलोकन किया।इस दौरान उन्होंने वाटरफॉल के नजदीक जाकर व्यू प्वाइंट से जलप्रपात की गिरती हुई दूधिया जल धारा और वहा बनने वाले इंद्रधनुष की आभा का अवलोकन किया। 


इस मौके पर कलेक्टर संजय जैन ने बताया कि बहुती प्रपात के अप स्ट्रीम में स्टॉप डैम का निर्माण प्रस्तावित है।स्टॉप डैम में जल का संचय रहने से वाटर फॉल की जल धारा का बारहों महीने अविरल प्रवाह बना रहेगा। 


मुख्यमंत्री ने बहुती प्रपात के समीप कार्यक्रम स्थल पर गौपूजा भी की। इस दौरान जंगल में विचरण करने वाली गौमाताओ को अपनी एक आवाज में अपने पास बुलाने की कला रखने वाले रकरी गांव के गौसेवक सौखीलाल यादव ने भी मुख्यमंत्री डा यादव से भेट की। 


कलेक्टर मऊगंज संजय जैन ने बताया कि बहुती जल प्रपात को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवम जन सुविधाओ के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए लागत की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है। इस अवसर पर प्रजापिता ब्राम्हकुमारी आश्रम की दीदीओ द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान कर उन्हे स्मृति चिन्ह भेट किए।