Mauganj News: मऊगंज में बेकाबू ट्रक ने युवक को रौंदा, नो-इंट्री की अनदेखी से गई जान

हनुमना पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंची, घर वालों ने किया चक्का जाम

 | 
Rewa

मऊगंज। बीती रात बेकाबू ट्रक ने एक युवक को रौंद दिया। वह मोटर साइकिल से जा रहा था जिसको बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में युवक की मौत हो गई जबकि बच्चा बच गया। घटना के उपरांत घर वाले पहुंचे गए और उन्होंने सड़क में चक्का जाम कर दिया। सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। घर वालों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत किया और युवक की लाश को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवा दिया है। 


बताया गया है कि ट्रक से कुचलकर युवक की मौत पर लोग भड़क गए। जितेन्द्र कुमार साकेत 24 साल निवासी अर्जुनपुर थाना हनुमना बीती रात एक बच्चे के साथ मोटर साइकिल से जा रहा था। हनुमना बाजार के पास उसको एक दस चक्का ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी। 


वह सड़क में गिर गया था जिससे युवक को ट्रक ने कुचल दिया और उसकी स्पॉट में मौत हो गई। वहीं एक बच्चा गाड़ी में बैठा था जो दूर गिरा जिसकी वजह से वह जख्मी हो गया था। घटना की खबर मिलते ही तुरंत घर वाले स्पॉट में पहुंच गए। युवक की मौत से घर वाले आक्रोशित हो गए और उनहेने सड़क में चक्का जाम कर दिया। जाम की वजह से आवागमन पूरी तरह से रुक गया था। 


बताया गया है कि आसपास के लोगों की सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। घर वालों को समझाने का प्रयास काफी देर तक पुलिस करती रही लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। बाद में घर वालों को पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके उपरांत वे जाम खोलने को राजी हुए। 


रात में युवक की लाश को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया। आज सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही की और लाश घर वालों को सौंप दिया है। दुर्घटना के उपरांत ट्रक चालक फरार हो गया था जिसकी पुलिस सरगर्मी से पतासाजी करने में लगी है। मर्ग कायम कर पुलिस ने घटना को जांच में लिया है।


नो-इंट्री में लापरवाही की वजह से गई जान
हनुमना बाजार में नो-इंट्री के पालन में लापरवाही की वजह से युवक की जान गई हे। रात 11 बजे तक कस्बे में नो-इंट्री रहती है लेकिन समय पूर्व ट्रक बाजार में घुस आया था जिसकी वजह से दुर्घटन हुई थी। अधिकारियो ने नो-इंट्री के नियम का सख्ती से पालन नहीं करवाया। लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया। सवाल यह उठता है कि आखिर इस मौत का जिम्मेदार कौन है। 


इनका कहना है-
बीती रात एक एक्सीडेंट हुआ था जिसमें युवक की मौत हो गई। घर वालों ने कुछ देर के लिए सड़क में चक्का जाम कर दिया था जिसकी वजह से आवगमन रुक गया था। उनको समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है। मर्ग कायम कर घटना को विवेचन में लिया गया है। आरोपी चालक फरार है जिसकी तलाश चल रही है।
-अनिल कांकड़े, टीआई हनुमना