Rewa- Shahdol News: रीवा-शहडोल संभाग को कृषि और उद्यानिकी फसलों का बनाएंगे क्लस्टर

बनाने कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक वर्णवाल बोले-अधिक लाभ देने वाली फसलों के लिए  किसानों को करें प्रेरित

 | 
Rewa- Shahdol

रीवा। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक वर्णवाल ने रीवा एवं शहडोल संभाग में कृषि तथा उससे जुड़े विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि किसान समृद्ध होगा तभी प्रदेश समृद्ध होगा। 

प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 46 प्रतिशत योगदान कृषि और उससे जुड़े विभागों का है। खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार प्रयास की आवश्यकता है। किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ अधिक लाभ देने वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करें। 

किसान को जिस दिन फसल से अधिक लाभ मिलेगा तो वह स्वयं नई फसल को अपना लेंगें। गेंहू और धान की फसल की तुलना में दलहन और तिलहन में लाभ अधिक है। दोनों संभागों में अरहर के क्षेत्र विस्तार के लिए विशेष प्रयास करें। इसमें लागत कम और लाभ अधिक है। किसानों को तकनीकी ज्ञान के साथ अरहर की पूसा-16 किस्म की खेती के लिए प्रेरित करें। इसकी फसल 4 महीने में प्राप्त हो जाती है। किसान इसके बाद गेंहू की फसल ले सकता है।

Rewa- Shahdol

बैठक में कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने कहा कि संभाग में खेती को तेजी से विकसित करने के लिए दिए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कृषि और उससे जुड़े विभाग के मैदानी कर्मचारियों को समन्वय से कार्य करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने तथा नवाचार के लिए लगातार प्रयास करेंगे। 

बैठक में रीवा संभाग तथा शहडोल संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स ने कृषि विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में सभी समितियों के खाते सहकारी बैंक में खोलने, बायो फोर्टिफाइड बीज के उपयोग, संरक्षित खेती, मुनगा तथा सुंदरजा आम के क्षेत्र विस्तार, स्मार्ट फिश पार्लर की स्थापना तथा अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्यानिकी अनुपम राजन, प्रमुख सचिव मछलीपालन निधि निवेदिता, प्रबंध संचालक मार्फेड आलोक सिंह, आयुक्त उद्यानिकी प्रीति मैथिल, आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता, आयुक्त सहकारिता मनोज पुष्प, प्रबंध संचालक मण्डीबोर्ड कुमार पुरुषोत्तम, संबंधित जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के संभागीय एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद कृषि उत्पादन आयुक्त तथा अन्य अधिकारियों ने कृषि और उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।