MP News: मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, तापमान बढ़ा, 25 दिसम्बर से हाड़ कंपाएगी ठंड
भोपाल सहित कई जिलों में छाने लगा कोहरा, 6.9 डिग्री तक बढ़ा तापमान
![MP](https://livegoodmorning.com/static/c1e/client/102392/uploaded/8ca910b434eee292032101f21663d685.jpg)
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल दी है। सर्दी के मौसम में तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रहा है, इससे ठंड का असर कम हो गया है। हालांकि, कुछ जिलों में घने कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। देश के अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा का रुख पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी की तरफ हो गया है, जिसके चलते प्रदेश में ठंड का असर कम हो गया है। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो दिसंबर के अंत तक बारिश का कहर देखने को मिल सकता है।
दरअसल, बर्फीली हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी की तरफ हो गया है, जिसके चलते प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर भी कम हो गया है। प्रदेश में रात को तापमान 6.9 डिग्री तक बढ़ गया है। ये बढ़ोत्तरी शुक्रवार रात बालाघाट के मलाजखंड में दर्ज की गई। खंडवा और खरगोन जैसे शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
प्रदेश के सबसे ठंडे हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी पारा तेजी से बढ़ा है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में अभी तापमान में और बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगा। वहीं, 25 दिसंबर से एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का दूसरा दौर शुरू होगा।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, शिवपुर कला, छतरपुर, टीकमगढ़, छतरपुर और निवाड़ी जिले में कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, इस दौरान किसी भी जगह शीतलहर या कड़ाके की ठंड का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
कोल्ड डे से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिन तक दिन-रात के तापमान में और भी बढ़ोतरी होगी। भोपाल, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर संभाग में 3 से 4 डिग्री, इंदौर, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके चलते लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। वहीं, दिसंबर माह के अंत से सर्द हवाओं के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हवाएं चलेंगी और प्रदेश के तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ जाएगी।
बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम प्रणालियां बनी हुई हैं। 27 दिसंबर को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंच सकता है, जिसके असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्से में 28 दिसंबर से बादल छा सकते हैं। इस दौरान मध्य प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश भी हो सकती है।
जानिए कहां कितना तापमान
मध्य प्रदेश के तापमान में गिरावट की जगह वृद्धि देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश की सबसे ठंड जगह पचमढ़ी का तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, छतरपुर के खजुराहो में सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा टीकमगढ़ में 6.5 डिग्री, नौगांव में 6.6 डिग्री रहा।
अगर बात करें प्रदेश के बड़े शहरों के तापमान की तो राजधानी भोपाल में 8.6 डिग्री, ग्वालियर में 8.2 डिग्री, जबलपुर में 10 डिग्री, उज्जैन में 11 डिग्री और इंदौर में तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, बाकी शहरों में भी पारा 7 डिग्री के ऊपर ही रहा।