MP News: 'वॉयस ऑफ मीडिया' की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, मध्य प्रदेश के निरंजन शर्मा बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गिरीश भटेले राष्ट्रीय संगठन मंत्री
28 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में 16 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व; मध्य प्रदेश को मिली अहम जिम्मेदारियां
नई दिल्ली/भोपाल। अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन 'वॉयस ऑफ मीडिया' (VOM) ने अपनी 28 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई टीम में 16 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इस घोषणा में मध्य प्रदेश को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वरिष्ठ पत्रकार निरंजन शर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा गिरीश भटेले को राष्ट्रीय संगठन मंत्री नियुक्त किया गया है।
संगठन के अनुसार, इन नियुक्तियों से मध्य भारत में संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। मध्य प्रदेश के दोनों वरिष्ठ पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से प्रदेश के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है।

प्रदेश इकाई ने जताई खुशी
वॉयस ऑफ मीडिया के मध्य प्रदेश अध्यक्ष दीपक शर्मा और प्रदेश महासचिव राजीव कुमार त्रिपाठी ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे मध्य प्रदेश के पत्रकार समुदाय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नेताओं के अनुभव और नेतृत्व से संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा मिलेगी तथा प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां और तेज़ होंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी फिर अनिल म्हास्के को
संगठन ने महाराष्ट्र के अनिल म्हास्के को पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही देश को चार क्षेत्रों में विभाजित कर क्षेत्रीय राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। उत्तर भारत के लिए बंसीलाल पांचाल (हरियाणा), पूर्वी भारत के लिए पर्वत कुमार मिश्रा (ओडिशा), पूर्वोत्तर भारत के लिए कौशिक अधिकारी (त्रिपुरा) तथा दक्षिण भारत के लिए बालाजी ए. (तमिलनाडु) को क्षेत्रीय राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय टीम में विविध राज्यों का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की टीम में मध्य प्रदेश के निरंजन शर्मा के साथ पश्चिम बंगाल के सुमन गांगुली, महाराष्ट्र के श्रीकृष्ण चांडक और दिल्ली के अशोक वानखेड़े शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री के रूप में गिरीश भटेले के साथ नागालैंड के ओकेनजीत सुंधाम, पश्चिम बंगाल के अमित रॉय, हिमाचल प्रदेश की पारुल शर्मा और गुजरात के हितेश मारू संगठन विस्तार का दायित्व संभालेंगे।
पत्रकार सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हास्के ने कहा कि वॉयस ऑफ मीडिया केवल एक संगठन नहीं, बल्कि देशभर के पत्रकारों को जोड़ने वाला एक बड़ा परिवार है। वहीं संगठन के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काले ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम पत्रकार सशक्तिकरण के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाएगी।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का प्रमुख उद्देश्य पत्रकार कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा, संगठनात्मक विस्तार, प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास तथा पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाना रहेगा।