MP News: एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव का नाम देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों की सूची में शुमार

उत्तरप्रदेश के योगी आदित्यनाथ सबसे लोकप्रिय सीएम, ममता दूसरे स्थान पर

 | 
MP

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री की सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले पायदान पर लगातार दसवीं बार बने हुए हैं, जबकि दूसरा नंबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का है।


ये आंकड़े फरवरी 2025 में कराए गए सर्वे के हैं। ज्ञात हो कि पिछला सर्वे अगस्त 2024 में किया गया था। यह सर्वे इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से कराया गया है। इसे मूड ऑफ द नेशन (एमओटीएन) नाम दिया गया है। इसमें कुल तीस राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया है। 


देश के टॉप-टेन मुख्यमंत्रियों की सूची में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम भी शामिल है। वे 2.2 प्रतिशत आंकड़े के साथ नौवें स्थान पर हैं। सर्वे में भाजपा शासित चार राज्यों के मुख्यमंत्री और कांग्रेस शासित दो राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। बाकी अलग-अलग दलों के सीएम के नाम हैं।


बता दें कि देशभर में कराए गए सर्वे में उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम सबसे ऊपर है। उन्हें 35.3 फीसदी लोगों ने पसंद किया है। योगी तकरीबन आठ साल से सीएम हैं, लेकिन उन्हें लगातार दसवीं बार यह ऊंचाई हासिल हुई है। खास बात यह कि उन्हें हर बार पहला स्थान मिला है।


 देश के सीएम के तौर पर कई क्षत्रपों के नाम आगे-पीछे होते रहे हैं, लेकिन योगी लगातार पहले पायदान पर बने हुए हैं। कट्टरवादी हिंदुत्व, कानूनों का सख्ती से पालन कराने और बुनियादी ढांचे के विकास के प्रदर्शन में देशभर में उनकी लोकप्रियता को बढ़ावा मिला है।


वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। कोलकाता कांड के बाद भी उनकी लोकप्रियता का ग्राफ पहले के मुकाबले बढ़ा है। अगस्त 2024 में हुए सर्वे में उन्हें 9.1 प्रतिशत लोगों ने समर्थन दिया था। ताजा सर्वे में उनका आंकड़ा बढ़कर 10.6 प्रतिशत पहुंच गया है। उस हिसाब से उनकी लोकप्रियता का ग्राफ बढ़ा है।


 तीसरा स्थान तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, चौथा स्थान आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और पांचवें स्थान पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस हैं। कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया, असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा, बिहार के सीएम नीतिश कुमार और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी का नाम भी इस सूची में हैं।


 इस सर्वे से यह साफ है कि अपने मुख्यमंत्री के प्रदर्शन को लेकर राज्य की जनता की राय लगातार बदलती रहती है। असम जैसे राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपनी लोकप्रियता को बढ़ाया है और गुजरात जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री को अपने समर्थन में कमी का सामना करना पड़ा है। 


यह सर्वे भारतीय राजनीति में जनता के बदलते मूड का एक महत्वपूर्ण संकेतक है, जो यह बताता है कि किस मुख्यमंत्री का कामकाज उनके राज्य के लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सभी मुख्यमंत्री अपनी लोकप्रियता को बरकरार रख पाते हैं या फिर कोई नया चेहरा इस सूची में अपनी जगह बना पाता है।

देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों की सूची   

 राज्य सीएम का नाम 

 फरवरी 

 2025

अगस्त

 2024

1.  उत्तरप्रदेश  योगी आदित्यनाथ   35.3 33.2
2.पश्चिम   बंगाल ममता बनर्जी   10.6 9.1
3. तमिलनाडु   एमके स्टालिन 5.2 4.7
4.  आंध्रप्रदेश चंद्रबाबू नायडू   5.1   4.6
5. महाराष्ट्र देवेंद्र फडणवीस  4.0  3.1
6. कर्नाटक     सिद्धारामैया  3.5  2.7
7.  असम हेमंत बिस्वा सरमा     3.4  2.0
8. बिहार  नीतिश कुमार    3.4 0.5
9.  मध्यप्रदेश   डॉ. मोहन यादव   2.2 0.33
10. तेलंगाना     रेवंत रेड्डी   2.1 0.25