MP News: एमपी के पांचवीं-आठवीं बोर्ड में निजी स्कूलों के साथ मदरसे भी बनेंगे परीक्षा केंद्र

20 फरवरी से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं, 24 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

 | 
MP

भोपाल। प्रदेश में पांचवीं-आठवीं बोर्ड में निजी स्कूलों के साथ मदरसों को भी परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। पांचवीं-आठवीं की वार्षिक परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होंगी। राज्य शिक्षा केंद्र ने बोर्ड परीक्षा के दिशा-निर्देशों के साथ समय-सारिणी भी जारी कर दी है। दोनों परीक्षाओं में सरकारी व निजी स्कूलों के करीब 24 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। 


मध्य प्रदेश के निजी व सरकारी स्कूलों में पांचवीं-आठवीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी। इस बार हर जनशिक्षा केंद्र पर अधिकतम पांच केंद्र बनाएं जाएंगे। परीक्षा केंद्र स्कूल से तीन किमी के अंदर ही होंगे और एक केंद्र पर 250 से अधिक विद्यार्थी शामिल नहीं होंगे। 


विशेष परिस्थितियों में राज्य शिक्षा केंद्र को सूचित करते हुए जिला पंचायत के मुय कार्यपालन अधिकारी की अनुमति से परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी। परीक्षा के लिए राज्य व जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी बनाया जाएगा। इसमें परीक्षा से संबंधित कोई भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस बार भी डिटेंशन पॉलिसी लागू होगी। 


दो माह बाद फिर से परीक्षा देने का मिलेगा अवसर
कक्षा 5वीं व 8वीं की परीक्षा में निर्धारित अर्हकारी अंक प्राप्तए नहीं करने वाले विद्यार्थियों को पुन: परीक्षा का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए दो माह बाद पुन: परीक्षा आयोजित होगी।

पुन: परीक्षा में भी अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को उसी कक्षा में रोके जाने (डिटेंशन पालिसी) का प्रावधान होगा। प्रत्येक विषय में लिखित परीक्षा 60 अंक का होगा, जिसमें 33 प्रतिशत यानी 20 अंक लाने होंगे। उससे कम अंक लाने वाले बच्चों को पुन: परीक्षा देनी होगी। इसके बाद भी कोई फेल हो जाता है तो उसे उसी कक्षा में रोक लिया जाएगा।


नकल करते पकड़े जाने पर परीक्षा होगी निरस्त
अगर कोई विद्यार्थी नकल करते या अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़ा जाएगा तो उसकी परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। उसकी उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। परीक्षा दौरान दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत नि:शक्त विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा प्रदान की जाएगी। 


नियमितता और कर्तव्यनिष्ठा पर भी मिलेगा ग्रेड
स्कूलों में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थी की उपलब्धि पर स्कूल से ग्रेड दिया जाएगा। यह ग्रेड कक्षा के शिक्षक देंगे। इसमें नियमितता, समयबद्धता, सहयोग की भावना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्टा व ईमानदारी का आंकलन भी होगा। इसके अलावा साहित्यिक, सांस्कृतिक, विज्ञान, सृजनात्मक, खेलकूद पर भी ग्रेडिंग की जाएगी। 


स्कूलों को ग्रेड व अंक 5 फरवरी तक आनलाइन भरकर राज्य शिक्षा केंद्र को भेजने होंगे। वहीं पांचवीं के परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त भाषा वैकल्पिक है। इस कारण अतिरिक्त भाषा के प्राप्तांकों को वार्षिक परिणाम में नहीं जोड़ा जाएगा।


यह रहेगी पांचवीं-आठवीं की समय-सारिणी
आठवीं की परीक्षा बीस फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 से 4:30 बजे तक रहेगा। 20 फरवरी शुक्रवार को प्रथम भाषा हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी का पेपर रहेगा।

21 फरवरी को गणित अथवा संगीत (दृष्टिबाधितों के लिए), 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी तथा हिंदी, 25 फरवरी को विज्ञान, 26 फरवरी को तृतीय भाषा संस्कृत, हिंदी, उर्दू, मराठी, 28 फरवरी को सामाजिक विज्ञान का पेपर रहेगा।

 
पांचवीं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक रहेगा। 20 फरवरी को प्रथम भाषा हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी का पेपर रहेगा।

21 फरवरी को गणित अथवा संगीत, 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी अथवा हिंदी, 25 फरवरी को पर्यावरण अध्ययन, 26 फरवरी को अतिरिक्त भाषा हिंदी, संस्कृत, उर्दू का पेपर रहेगा।