MP News: एमपी में अवैध शराब का कारोबार: रीवा टॉप पर, 140 जगहों में हो रही खरीदी-बिक्री

आबकारी विभाग ने कबूला- पूरे मध्यप्रदेश में अवैध शराब के 1766 ठिकाने

 | 
Rewa

भोपाल। आबकारी विभाग ने मप्र के 51 जिलों में 1766 जगहों की सूची बनाई है, जहां अवैध शराब खरीदी-बेची जा रही है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब आबकारी अमले के रिकॉर्ड में यह जानकारी मौजूद है तो कार्रवाई के लिए सरकारी आदेश का इंतजार क्यों? खासकर सागर के बंडा में, जहां जहरीली शराब से 30 मौतें हो चुकी हैं, फिर भी इसी जिले में आबकारी विभाग के रिकॉर्ड में 84 स्थानों पर अवैध शराब बेचे जाने की जानकारी दर्ज है। राजधानी भोपाल में भी ऐसी 30 लोकेशन बताई गई हैं।


इस सूची में वे स्थान भी हैं, जिन्हें सरकार ने पवित्र नगर मानकर शराब बंदी कर रखी है। उज्जैन जिले में ऐसे 28 स्थान दर्ज हैं। बड़ा सवाल यह है कि विभाग के पास जब यह सूची मौजूद है तो इनमें से कितने स्थानों पर कार्रवाई हुई और क्या मौतों से पहले इन चिह्नित लोकेशन की निगरानी की गई थी? 


आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना का कहना है कि हमने ऐसे क्षेत्रों की पहचान की है जहां अवैध शराब का निर्माण व बिक्री की हिस्ट्री रही है। इन क्षेत्रों में नियमित निगरानी और दबिश की कारवाई की जाएगी।


मौतों के बाद बुलडोजर एक्शन 
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन ने शराब माफिया और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मालथौन, बांदरी, बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में बड़ा बुलडोजर एक्शन लिया। 


एनएच-44 किनारे शासकीय भूमि पर बने 70 से अधिक अवैध ढाबे, होटल और टपरों को जमींदोज कर दिया गया। इसमें मुख्य आरोपियों मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत के अवैध निर्माण भी शामिल हैं। 


वहीं जहरीली शराब कांड के आरोपी शराब कारोबारी सिद्धार्थ कुशवाहा और अन्य संचालकों के 5 बड़े होटलों व रिसॉर्ट्स पर प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें अस्थाई रूप से सील कर दिया।


यहां सबसे ज्यादा कारोबार
सबसे ज्यादा 140 जगह रीवा में अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। सागर में 84, उमरिया में 74 और छिंदवाड़ा में 68 लोकेशन हैं। जबलपुर व गुना में 62-62, नर्मदापुरम में 59, राजगढ़ में 57, धार में 56 और मऊगंज में 54 लोकेशन हैं। इनके अलावा दतिया और रतलाम में 47-47, शिवपुरी, भिण्ड और बालाघाट में 46-46 तथा रायसेन में 45 लोकेशन हैं।