MP News: एमपी में आधा दर्जन मंत्रियों के होंगे इस्तीफे, देर रात सत्ता-संगठन ने दी हरी झंडी
प्रदेश के विवादित और नाकारा मंत्रियों की कुर्सी खतरे में
भोपाल। मध्यप्रदेश के विवादित और नकारा मंत्रियों की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। रिपोर्ट कार्ड पर मंथन के बाद आधा दर्जन मंत्रियों से इस्तीफे लिए जाएंगे। देर रात सत्ता और संगठन ने उन्हें मंत्रिमंडल से हटाए जाने की हरी झंडी दे दी है। निगम-मंडलों में खाली पदों पर राजनीतिक नियुक्तियां भी एक-दो दिन में होने के पूरे आसार हैं।
आम सहमति के आधार पर उनके नाम फाइनल कर दिए गए हैं। दस से बारह नामों का ऐलान अगले सप्ताह किया जाएगा। मंत्रिमंडल से हटाए जाने वाले मंत्रियों और निगम मंडलों में एक दर्जन नामों की नियुक्ति को हरी झंडी मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में दी गई है।
सोमवार को रात 9 बजे से 11 बजे के बीच हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद थे।
मुयमंत्री ने दो से नौ दिसंबर के बीच प्रदेश सरकार के मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की थी। उसके आधार पर मंत्रियों के परफॉर्मेंस का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है। बैठक में मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड भी सामने रखा गया है। उस पर सत्ता और संगठन ने संक्युत रूप से चर्चा की है।
इस चर्चा के बाद आधा दर्जन मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाए जाने का फैसला किया गया है। पार्टी ने तय किया है कि माह के अंत तक उनसे इस्तीफे ले लिए जाएंगे। अपने बयान से केंद्र और राज्य सरकार की फजीहत कराने वाले मंत्री का नाम भी है।
हाल में विवादों में आई एक महिला मंत्री और हमेशा विवादों में रहने वाले एक पुरुष मंत्री का नाम भी इस्तीफा लेने वालों की सूची में शामिल है। निगम मंडलों में नियुक्तियों के लिए कुल 43 नामों पर मंथन किया गया है। उनमें एक दर्जन नेताओं के नामों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है।
उनकी नियुक्ति संबंधी आदेश सरकार की ओर से एक-दो दिन में जारी कर दिए जाएंगे। भोपाल को मेट्रोपोलिटन ऐरिया घोषित करने की भी तैयारी है। यह काम बीस दिसंबर को होगा। इसलिए भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) समेत इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) और उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के नाम का ऐलान भी पहली सूची में कर दिया जाएगा।
पहली सूची के प्रकाशित होने के बाद दूसरी सूची भी जल्दी जारी होगी। बताते हैं कि दस से बारह और नामों पर विचार किया गया है, लेकिन उन पर फिलहाल आम सहमति नहीं बन पाई है। इसलिए दूसरी सूची अगले सप्ताह तक जारी होने की संभावना है।
विशेष सत्र को लेकर तैयार की गई रणनीति
मध्यप्रदेश विधानसभा का एक दिनी विशेष सत्र 17 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। सत्र की तैयारी को लेकर भी सीएम हाउस में मंथन किया गया है। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश के नगरीय विकास एवं संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के अलावा अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में विकसित और अभ्युदय मध्यप्रदेश के रोडमैप पर चर्चा की गई है और विपक्ष के हमलों से निपटने की रणनीति भी तैयार की गई है।