MP News: आयुष्मान घोटाला: विंध्य-महाकौशल के 10 प्राइवेट अस्पताल ब्लैकलिस्ट, सस्पेंड

प्राइवेट अस्पतालों में अनियमितता पर 3 करोड़ 13 लाख 79 हजार से ज्यादा की पेनाल्टी

 | 
MP

भोपाल। मप्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में अनियमितता मिलने पर 3 करोड़ 13 लाख 79 हजार से ज्यादा की पेनाल्टी की कार्रवाई की गई है। विंध्य-महाकौशल क्षेत्र के 10 निजी अस्पतालों में अनियमितता मिलने पर डी-इम्पैनल्ड (ब्लैक लिस्टेड) और निरस्त करने की कार्रवाई हुई है। कुल 14 निजी अस्पतालों में स्टेट हेल्थ एजेंसी ने योजना के पैकेज में हेराफेरी और दुरुपयोग करने के चलते पेनाल्टी लगाई है।


इन अस्पतालों के रिकॉर्ड नियम अनुसार नहीं मिले। जांच के दौरान कई अस्पताल में अनियमितता और कमियां पाई गईं। विभाग ने ये पेनाल्टी जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल, टीकमगढ़, सागर, बुरहानपुर, ग्वालियर, इंदौर, बड़वानी, भोपाल, उज्जैन और विदिशा जिलों के निजी अस्पतालों पर लगाई है। इसके साथ ही कुल 8 जिलों के 18 अस्पतालों को डी-इम्पैनल्ड (ब्लैकलिस्ट) किया है। वहीं 5 जिलों के 17 स्पेशलिटी अस्पतालों को भी डी-इम्पैनल्ड किया है।


इसमें सबसे ज्यादा भोपाल के 10 स्पेशलिटी अस्पतालों को डी-इम्पैनल्ड किया है। वहीं जबलपुर, रीवा, सतना, पन्ना, उमरिया डिंडोरी, भोपाल सहित कुल 9 जिलों के 18 निजी अस्पतालों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें भी भोपाल के 9 अस्पताल शामिल हैं। ये अस्पताल कार्रवाई चलने तक सस्पेंड रहेंगे।

बताया गया कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार नहीं होने के साथ नियम विरुद्ध कार्य किया जा रहा था। सरकारी पैसे के उपयोग पर अनियमितता बरती जा रही थी। आयुष्मान पैकेज का गलत इस्तेमाल किया गया और योजना के नियमों का पालन नहीं करने के मामले मिले। रिकॉर्ड में दर्ज किए गए बेड और अस्पताल में असल में उपलब्ध बेड की संख्या में अंतर मिला।


यहां इतने हॉस्पिटल पर लगी पेनाल्टी
प्रदेश के कुल 14 अस्पताल ऐसे हैं जिन पर अनियमितता के चलते पेनाल्टी की कार्रवाई हुई है। इसमें बड़वानी, भोपाल, बुरहानपुर, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, नीमच, रीवा, सतना, शहडोल, सागर, टीकमगढ़, उज्जैन और विदिशा शामिल हैं।


डि-इम्पैनल्ड अस्पताल
आयुष्मान योजना में अनियमितता के चलते 8 जिलों के कुल 18 अस्पताल डि-इम्पैनल्ड हुए हैं। इनमें से भोपाल में 4, दमोह में 1, गुना में 1, ग्वालियर में 4, इंदौर में 5, खरगोन में 1, मंडला में 1 और नीमच में 1 निजी अस्पताल को डि-इम्पैनल्ड किया है। स्पेशलिटी अस्पतालों में भोपाल के 10, बुरहानपुर में 1, बड़वानी में 1, छिंदवाड़ा में 1, इंदौर में 3 को डि-इम्पैनल्ड किया गया है।


सस्पेंड किए गए अस्पताल 
कुल 18 अस्पतालों को आयुष्मान योजना में अनियमितता के चलते अलग-अलग जिलों में सस्पेंड किया गया है। इनमें भोपाल में 9, जबलपुर में 2 और डिंडोरी, नर्मदापुरम, पन्ना, रीवा, सतना, सीहोर और उमरिया में 1-1 अस्पताल को सस्पेंड किया गया है।