Railway News: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड में ओवरहेड विद्युत प्रणाली को किया गया ऊर्जीकृत
देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि
प्रयागराज। भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के अंतर्गत मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड में ओवरहेड उपकरण (ओएचई) प्रणाली को दिनांक 20 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (Energised) किया गया।
सुरक्षा एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी में ओएचई प्रणाली का ऊर्जीकरण छोटे-छोटे खंडों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
इस खंड में एलिवेटेड रेल मार्ग पर अप एवं डाउन दोनों लाइनें शामिल हैं। ओएचई प्रणाली का ऊर्जीकरण परियोजना के अंतर्गत आगामी परीक्षण गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में आधुनिक 2 × 25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन प्रणाली स्थापित की गई है। यह विश्वभर में हाई स्पीड रेल प्रणालियों में उपयोग की जाने वाली अत्याधुनिक विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है।
508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में कुल 14 रणनीतिक स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन (टीएसएस) स्थापित किए गए हैं। ये सब-स्टेशन राष्ट्रीय विद्युत ग्रिड से बिजली प्राप्त कर हाई स्पीड ट्रेनों की ओवरहेड ट्रैक्शन प्रणाली को विद्युत आपूर्ति करेंगे।
गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलीमोरा के प्रथम ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर एवं सर्किट ब्रेकर भवनों में स्थापना संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
गुजरात स्थित टीएसएस को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 केवी अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। पूरे विद्युत नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत नियंत्रण केंद्र के माध्यम से की जाएगी, जिससे सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सूरत-बिलीमोरा खंड में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेल मार्ग शामिल है। इस रेल मार्ग में चार नदियों पर निर्मित पुल तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) के ऊपर एक स्टील पुल भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, आसपास के क्षेत्रों में ध्वनि के प्रभाव को कम करने के लिए वायडक्ट पर लगभग 94,000 नॉइज बैरियर लगाए गए हैं।
जनसुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण अपील
ओवरहेड विद्युत प्रणाली के ऊर्जीकृत होने के उपरांत रेल मार्ग के आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों एवं आमजन से सख्त अपील की जाती है कि वे ओवरहेड विद्युत उपकरणों के पास न जाएं और न ही उन्हें छूने का प्रयास करें। साथ ही, इन विद्युत प्रतिष्ठानों के आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत कार्य न करें। यह सावधानी जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।