इंटरकास्ट मैरिज करने वालों पर सरकार मेहरबान, मिलेंगे 10 लाख

इंटरकास्ट मैरिज यानी अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अगर राजस्थान का कोई व्यक्ति दूसरे जाति में शादी करता तो राज्य सरकार के द्वारा 10 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह बड़ी और अहम घोषणा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल ही में 2023-24 के बजट में राशि बढ़ने कि घोषणा की थी।
जिसके बाद आज यानी गुरुवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने डॉक्टर सविता बेन अंबेडकर अंतरजातीय विवाह योजना की राशि को 5 लाख रुपए बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। बताया गया है कि जारी निर्देश आज से ही लागू होंगे, जिसके तहत इंटरकास्ट मैरिज करने वाले जोड़ों को 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। इस राशि में से 5 लाख रुपए 8 साल के लिए फिक्स्ड डिपोजिट कराए जाएंगे। जबकि शेष 5 लाख रुपए दूल्हा-दुल्हन का एक जॉइंट बैंक अकाउंट बनाकर जमा कराए जाएंगे। इससे पहले इंटरकास्ट मैरिज पर सरकार 5 लाख रुपए प्रोत्साहन देती थी।
75 प्रतिशत राशि देती है राज्य सरकार
बता दें कि राजस्थान में अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के द्वारा साल 2006 में डॉ. सविता बेन अंबेडकर अंतरजातीय विवाह योजना की शुरूआत की गई थी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से उपलब्ध जानकारी के अनुसार पहले इस स्कीम के तहत 50 हजार रुपए नव दंपती को दिए जाते थे। लेकिन 1 अप्रैल 2013 में इसे बढ़ाकर 5 लाख कर दिया गया था। इसके तहत 75 प्रतिशत राशि राज्य सरकार और 25 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार वहन करती है।