Vikram Award: सतना के पर्वतारोही रत्नेश पांडेय 'विक्रम अवार्ड' से सम्मानित, यह पुरस्कार पाने वाले पहले विंध्यवासी ​​​​​​​

साहसिक खेलों के लिए दिया जाता है यह पुरस्कार, माउंट एवरेस्ट फतह कर गाया था राष्ट्रगान

 | 
satna

विंध्य के पर्वतारोही रत्नेश पाण्डेय ने धरा का नाम रोशन करते हुए साहसिक खेलों के लिए दिए जाने वाला विक्रम अवार्ड अपने नाम किया है। सतना जिले के निवासी रत्नेश पाण्डेय को  राजधानी भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  यह पुरस्कार प्रदान किया। बता दें कि विक्रम अवार्ड प्राप्त करने वाले रत्नेश पांडेय सतना और विंध्य के पहले खिलाड़ी हैं।

जानकारी के अनुसार विंध्य के सपूत रत्नेश पाण्डेय ऐसे पहले भारतीय पर्वतारोही हैं। जिन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट के शिखर पर प्रथम बार हमारे देश का राष्ट्रगान जन गण मन जाकर कीर्तिमान रचा। बताया जा रहा है कि सतना के रत्नेश ने 10 देशों में 21 से अधिक पर्वत शिखरों पर सफलता पूर्वक आरोहण किया है। उन्होंने किन्नरों और दिव्यांगों के दल को भी सफ़ल आरोहण कराया है। इसके अलावा बाइक राइडिंग में भी उन्होंने कई कीर्तिमान अपने नाम किए।

इतना ही नहीं समाज सेवा के लिए उन्होंने रत्नेश पांडेय फाउंडेशन बनाया है। इस फाउंडेशन के जरिए वे जरूरतमंदों की मदद और साहसिक खेलों-खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए भी काम कर रहे हैं।  

90

शनिवार को राजधानी भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम के मार्शल आर्ट्स हॉल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने की जबकि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। इस अवसर पर सचिव मप्र शासन खेल एवं युवा कल्याण पी. नरहरि,डायरेक्टर खेल युवा कल्याण विभाग एडीजी रवि गुप्ता भी मौजूद रहे।