Satna News: ईनामी बदमाश को पुलिस ने पकड़ा तो दिखाया विक्ट्री साइन, पुलिस ने निकाली हेकड़ी, जुड़वाए हाथ

आरोपी के खिलाफ 40 मुकदमे दर्ज, नशीली सिरप व बंदूक के साथ हुआ गिरफ्तार 

 | 
satna

सतना।  पुलिस हिरासत में विक्ट्री साइन दिखाना आदतन अपराधी को मंहगा पड़ा। जिसके बाद सतना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश की ऐसी हेकड़ी निकाली कि वह हाथ जोड़ कर कानून के सामने नत मस्तक हो गया। मामला सतना जिले के नौगाद थाने का है। जब ईनामी बदमाश राजन सिंह करही को पुलिस ने उसके साथी साधु चतुर्वेदी निवासी करही के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से नशीली कफ सिरप की खेप भी नजर आई। लेकिन पुलिस कस्टडी में राजन सिंह ने विक्ट्री साइन दिखाकर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखा दिया। 


 सोशल मीडिया में आदतन अपराधी राजन सिंह की फोटो वायरल होने के बाद पुलिस की छवि पर गलत असर पड़ा। मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के संज्ञान में आया उन्होंने तत्काल मातहतों को निर्देश दिए। इधर, एसपी के निर्देश मिलते ही पुलिस वालों ने कुख्यात अपराधी के होश ठिकाने लगा दिए। थोड़ी देर में एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें अपराधी राजन सिंह कानून के सामने हाथ जोड़ गिड़गिड़ाते हुए नजर आया।


बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 40 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उसे कॉलेज कैम्पस में गोली चला कर दहशत फैलाने के बाद अवैध असलहे और नशे की खेप के साथ पकड़ा गया है।  नागौद पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 6 कार्टूनों में पैक 1 लाख 22 हजार रुपए की 720 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप और एक बोलेरो कैम्पर गाडी नम्बर बीजे 12 डीएम 4917 के अलावा 12 बोर की दो नाली बंदूक कारतूस तथा कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। 

दरअसल पिछले 26 जनवरी को सतना शहर के विट्स कॉलेज कैम्पस में राजन सिंह करही ने गार्ड दिव्यांश टण्डन के साथ मारपीट की थी। एक के बाद एक तीन गोलियां भी दागी थीं। पुलिस उसको सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी बीच नागौद पुलिस को नशीली खेप जाने की खबर मिली। पुलिस ने नाका लगाया तो पुलिस को देख राजन करही गाड़ी लेकर भागने लगा। मगर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

बता दें कि राजन सिंह करही के खिलाफ जिले के अलग अलग थानों में करीब ४० से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। साथ ही आरोपी के उपर 40  हजार का ईनाम भी घोषित किया गया है।