MP News: शहडोल के धनपुरी में मंडप छोड़कर भागे दूल्हा- दुल्हन

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के इंतजामात हुए फेल, आंधी- बारिश से विवाह सम्मेलन में मची भगदड़
 | 
MP News: शहडोल के धनपुरी में मंडप छोड़कर भागे दूल्हा- दुल्हन

शहडोल जिले के धनपुरी इनडोर स्टेडियम के समीप पार्क में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शुक्रवार दोपहर शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। तभी अचानक तेज आंधी और बारिश से सब भगदड़़ मच गई। लोगों के ऊपर टेंट का सामान गिरने से परिजन घायल भी हुए हैं। वहीं दूल्हा-दुल्हन शादी का मंडप छोड़कर सुरक्षित स्थान तलाशने लगे। आंधी इतनी तेज थी की टेंट पंडाल उखड़ने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उसे थामने का प्रयास भी किया लेकिन अंधड़ में वह बच नहीं सका।

यहां बुढ़ार जनपद के 101 ग्राम पंचायतों के अलावा तीन नगर परिषद क्षेत्र से आए 219 जोड़ों का विवाह समारोह कार्यक्रम चल रहा था। तभी अचानक मौसम बदलने से पंडाल में भगदड़ की स्थिति बन गई।

द्वार पर बारात पहुंचते ही भागने लगे दूल्हा-दुल्हन

धनपुरी इनडोर स्टेडियम के समीप बने पार्क के समीप जैसे ही दूल्हे बारात लेकर पहुंचे अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और पानी की बौछार शुरू हो गई। बारात का स्वागत भी पूरी तरह से नहीं हो पाया था कि देखते ही देखते द्वार पर खड़े दूल्हे और मंडप पर इंतजार कर रहीं दुल्हन अपनी अपनी जान बचाकर यहां से वहां भागने लगे। सभी लोगों को इनडोर स्टेडियम में जाकर छिपना पड़ा।

अंधड़ से गिरा टेंट, लोग हुए घायल

कार्यक्रम स्थल पर अचानक अंधड़ चलने से भगदड़ मच गई। टेंट के परदे और पाइप उखड़ने लगे। तभी टेंट का पाइप गिरने से कुछ लोग घायल हो गए। इस भगदड़ में टेंट का सामान गिरने से धनपुरी कच्छी मोहल्ला से आई दुल्हन के परिजन सोनिया प्रजापति घायल हुई हैं। उनके सिर पर चोट आई। उन्हें बुढ़ार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहीं कुछ अन्य लोग भी सामान्य रूप से घायल हुए हैं।

सीईओ ने खुद थामा टेंट का पाइप, विधायक भी थीं मौजूद

जब तेज अंधड़ के कारण भगदड़ की स्थित बन गई तो कार्यक्रम में मौजूद जनपद सीईओ मुद्रिका सिंह खुद टेंट का पाइप थामने लगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जैतपुर विधायक आईं थीं उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान बुढ़ार नगर परिषद, धनपुरी नगर पालिका और बकहो नगर परिषद के जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। उजड़े पंडाल और गीले मंडप में फिर शुरू हुआ विवाह तूफानी बारिश के समाप्त होने के बाद पार्क में फिर से सामूहिक कन्या विवाह योजना का कार्यक्रम शुरू किया गया। पंडाल पूरी तरह अस्त-व्यस्त था उसके अलावा मंडप भी पूरी तरह भींग गया। गीले गद्दों के ऊपर बैठकर बाद में जोड़ो का विवाह कराया गया। वहीं लोग आरोप लगा रहे थे कि अधिकारियों ने शुभ मुहूर्त में विवाह नहीं कराया है।