Rewa News: रीवा के नव विकसित रतहरा तालाब का नजारा देख कर आप भी हो जाएंगे हैरान, डिप्टी सीएम ने किया लोकार्पण

पार्क और तालाब रीवा की बनेंगे पहचान: राजेन्द्र शुक्ल

 | 
rewa

रीवा। शहर के पर्यटन स्थलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में रतहरा तालाब के रूप में शहर वासियों को सुकून के पल बिताने का एक अच्छा प्लेस जुड़ गया है। शनिवार को उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रतहरा तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। यह निर्माण कार्य पुनर्घनत्वीकरण योजना से कराया गया है।

 पार्कों और तालाबों से होगी शहर की पहचान 
 इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 20 वर्ष पहले के रीवा में और आज के रीवा में जमीन-आसमान का फर्क है। रीवा में विकास के कार्य बहुत तेजी से हुए हैं। अधोसंरचना के विकास में रीवा ने कई शहरों को पीछे छोड़ दिया है। यहाँ पार्कों और तालाबों का निर्माण तथा सौन्दर्यीकरण लगातार किया जा रहा है। इनसे रीवा की पहचान बनेगी। रीवा हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है।

rewa

रीवा का विकास परवान चढ़ा 
रीवा के विकास को कोई भी बाधा रोक नहीं सकती है। रीवा में अभी तीन लाख एकड़ में सिंचाई की सुविधा है। अगले दो सालों में इसे 6 लाख एकड़ और 5 सालों में 9 लाख एकड़ तक बढ़ाया जाएगा। इसके लिए हाल ही में 6500 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है। संसाधनों के सही उपयोग और दृढ़ राजनैतिक इच्छाशक्ति से रीवा का विकास परवान चढ़ा है। 

pond
छोटे उदयपुर के रूप में विकसित हो रहा रीवा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रीवा की जनता को शिवाजी की प्रतिमा और शिवाजी पार्क तथा रतहरा तालाब की सौगात मिली है। रतहरा तालाब में आसपास के लोग शाम में सुकून से सैर कर सकेंगे। इस तालाब में पहले इतना अतिक्रमण था कि इसका अस्तित्व ही खतरे में था। लगातार प्रयास करके आज जनता को विकास की बड़ी सौगात दी जा रही है। समारोह में सांसद  जनार्दन मिश्र ने कहा कि रतहरा तालाब में आने पर ऐसा लगता है जैसे हम उदयपुर शहर में आ गए हैं। रीवा छोटे उदयपुर के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। रानी तालाब, चिरहुला तालाब, कुबेर तालाब, झलबदरी तालाब और रतहरा तालाब इसे हरा-भरा और सुंदर बनाएंगे। 

rewa

समारोह में नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने भी अपने विचार रखे। कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह ने तालाब सौन्दर्यीकरण का तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, पार्षदगण श्रीमती माया सिंह, श्रीमती विभा पटेल, रावेन्द्र मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा आमजन उपस्थित रहे।