Rewa News: रीवा में मतदान 50 प्रतिशत से भी रहा कम, सुस्ती के पीछे गर्मी या चुनावी नीरसता?

महज 49.54 प्रतिशत हुई वोटिंग, 14 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद 

 | 
voting

रीवा। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में रीवा सीट के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है। शाम 6 बजे मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद पहुंचे लोगों को बिना वोट दिए लौटा दिया गया। सिर्फ उन्हीं लोगों को वोट देने दिया गया, जो 6 बजे से पहले मतदान केंद्र के अंदर थे। मतदान केंद्रों पर सुबह जैसी कतारें नहीं दिखीं। सूरज चढ़ने पर मतदाता घरों से कम निकले। करीब ८.३० बजे 49.54 प्रतिशत का फाइनल आंकड़ा जारी किया गया। इतने कम मतदान प्रतिशत के पीछे लोगों के द्वारा अलग अलग कारण बताए जा रहे हैं। कोई इसे गर्मी, शादी विवाह के आयोजन को बता रहा है तो कोई इसके पीछे चुनावी नीरसता को वजह मान रहा है।  


रीवा विधानसभा में डले सबसे अधिक वोट
 लोकसभा निर्वाचन 2024 में रीवा लोकसभा क्षेत्र में रात 8.30 बजे तक 49.54 प्रतिशत मतदान हुआ। अंतिम आंकड़े आने तक इनमें परिवर्तन हो सकता है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक मतदान रीवा विधानसभा क्षेत्र में हुआ। यहाँ मतदान का प्रतिशत 54.86 रहा। सबसे कम मतदान प्रतिशत 45.75 विधानसभा क्षेत्र देवतालाब में रहा। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र गुढ़ में 50.38 प्रतिशत, मनगवां में 49.11 प्रतिशत, त्योंथर में 45.99 प्रतिशत, सेमरिया में 53.43 प्रतिशत, सिरमौर में 47.13 प्रतिशत तथा मऊगंज में 49.69 प्रतिशत मतदान हुआ। पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच 2014 मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ।  
 rewa
कलेक्टर ने कंट्रोल रूम से की निगरानी 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने इंजीनियरिंग कालेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से मतदान कार्य की निगरानी की। कलेक्टर ने कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने सेमरिया तथा सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, विवेक लाल तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बलों के साथ कानून व्यवस्था की निगरानी की।   

कब-कितना मतदान 
समय              मतदान प्रतिशत
सुबह 9 बजे तक       13.27 
सुबह 11 बजे तक     24.46 
दोपहर 1 बजे तक     31.85 
दोपहर 3 बजे तक     37.55 
शाम 5 बजे तक        45.02 
शाम 6 बजे तक        48.67 
                 
  
अधिकारियों ने ड्यूटी के साथ मतदान का कर्तव्य निभाया
 जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं जिला अधिकारियों ने निर्वाचन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए समय निकालकर मतदान का कर्तव्य निभाकर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। आईजी कार्यालय एवं शहर के अन्य मतदान केन्द्रों में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले, एसडीएम गुढ़ अनुराग तिवारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत मंडल बृजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार हुजूर शिवशंकर शुक्ला, सहायक संचालक जनसंपर्क उमेश तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी शिवप्रसन्न शुक्ला, जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर आशीष दुबे ने भी मतदान किया। 

  
कंट्रोल रूम से जिले में चल रही निर्वाचन प्रक्रिया की लगातार की गई मॉनीटरिंग
  मतदान के पहले सभी मतदान केन्द्रों में मॉकपोल कराया गया। मतदान के संबंध में सभी आवश्यक सूचनाएं संकलित करने तथा कानून और व्यवस्था की निगरानी के लिए शासकीय इंजीनियरिंग कालेज रीवा में विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया। कंट्रोल रूम से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. सौरभ सोनवणे एवं कम्युनिकेशन प्रभारी डीएफओ अनुपम शर्मा उपस्थित रहे। 

rewa
 कंट्रोल रूम में विधानसभावार कम्युनिकेशन दल के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे। इनके द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र से आवश्यक सूचनाएं संकलित की गईं। कंट्रोल रूम के साथ ईव्हीएम की मॉनीटरिंग के लिए वेबकास्टिंग सेंटर भी बनाया गया। इसमें जिला प्रबंधक लोकसेवा रविकांत पाण्डेय के नेतृत्व में तैनात दल द्वारा वेबकास्टिंग से 1036 मतदान केन्द्रों में 1422 कैमरों द्वारा मानीटरिंग की गयी। इसी कक्ष में निर्वाचन कार्य में उपयोग किए जा रहे वाहनों की जीपीएस सिस्टम से मॉनीटरिंग की गई। 


कलेक्टर ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए निर्वाचन प्रक्रिया का मतदान केन्द्रों में जाकर निरीक्षण किया तथा मतदान दल कर्मियों द्वारा संपन्न कराई जा रही मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय में बनाये गये दो मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली तथा मतदान दल कर्मियों से सुचारू मतदान के संबंध में पूंछतांछ की। 

rewa