Rewa News: रीवा के शिवशक्ति महारिसार्ट में लीक हुआ यूपी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर

300 लोगों को 5 से 8 लाख लेकर बांटे गए पेपर, रिसार्ट में ही लगी क्लास, रटाए उत्तर 

 | 
rewa

रीवा। यूपी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में मध्यप्रदेश व रीवा का कनेक्शन सामने आया है। रीवा के शिव महाशक्ति रिसार्ट में ही घोटाले की पटकथा का बड़ा रोल निभाया गया था। जिसकी जानकारी पेपर लीक मामले के मास्टर माइंड राजीव नयन मिश्रा ने पुलिस की पूछताछ के दौरान दी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने राजीव नयन मिश्रा को बीते 2 अप्रैल को नोएडा से गिरफ्तार किया था।  

गिरोह का सरगना ने बताया कि रीवा के बाइपास स्थित शिवशक्ति महारिसार्ट में लगभग  300 लोगों के भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा के ठीक दो दिन पहले दिया गया था। इतना ही नहीं पेपर के सभी प्रश्नों को हल करने की पूरी प्रक्रिया सभी लोगों को पढ़ाई गई थी। उत्तर को रटा दिया गया था। दो दिन बाद जब ये अभ्यर्थी पेपर देने परीक्षा हाल में पहुंचे तो हू-ब-हू प्रश्नपत्र मिला। इस पेपर के एवज में गिरोह के द्वारा हर परीक्षार्थी से लगभग 5 से 8 लाख रुपए लिए थे। हालांकि बाद में पेपर लीक होने का खुलासा होने के बाद उत्तरप्रदेश सरकार ने परीक्षा निरस्त कर दी थी। 

aa
मास्टर माइंड राजीव नयन मिश्रा

कई अन्य पेपर भी करा चुका है लीक 
जानकारी के अनुसार राजीव नयन मिश्रा साल मूल रूप से यूपी के प्रयागराज जिले के अमोरा गांव का रहने वाला है। जो साल 2010 में इंजीनियरिंग करने भोपाल आया, पढ़ाई में उसका मन नहीं लगा तो वह पेपर लीक गिरोह से जुड़ गया। उसने भोपाल में ही करियर एंड प्लेसमेंट कंसल्टेंसी का काम शुरू किया। राजीव 2023 के मप्र में संविदा स्वास्थ्य भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक करा चुका है। जिसके बाद वह पुलिस के द्वारा पकड़ा भी गया और उसे दो साल की सजा हुई। इसके अलावा कई अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में राजीव फंस चुका है। और जेल भी जा चुका है।

  
रीवा और गुरूग्राम में बंटे पेपर 
बताया जाता है कई बार वाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पेपर बांट कर फंस चुके राजीव ने इस बार एहतिहात बरतते हुए नया रास्ता निकाला जिसमें सभी अभ्यर्थियों को इकट्ठा कर रीवा और गुरूग्राम बुलाया गया। ये वही लोग थे जिनसे 5 से 8 लाख रुपए तक लिए गए थे। पुलिस के अनुसार सभी अभ्यर्थी पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के बताए गए हैं जिन्हें रीवा के रिसार्ट में बुलाकर न केवल पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा पेपर बांटा गया था। बल्कि प्रश्नों के जवाब रटाए गए थे। इसी तरह  गुरुग्राम के रिसॉर्ट में मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े लोगों को बुलाया गया। यूपी एसटीएफ ने गुरुग्राम के रिसॉर्ट संचालक को इस मामले में गिरफ्तार भी किया है।

rewa
रीवा के इसी रिसार्ट में लीक किया गया था यूपी पुलिस का पेपर

शादीशुदा होकर भी लिव इन में रहता था
पुलिस ने बताया कि राजीव नयन पहले से ही शादीशुदा है उसकी पत्नी प्रयागराज में रहती है जबकि वह भोपाल में एक रेलवे अधिकारी की बेटी साथ रह रहा था। जिसकी एसटीएफ तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ के बाद उसकी भूमिका भी स्पष्ट हो जाएगी। पुलिस की जांच में राजीव नयन के पास से भोपाल, नोएडा, लखनऊ में कई करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ है। 
 

 आपराधिक गतिविधियों के केंद्र बने रीवा के होटल 
रीवा में इन दिनों होटल और रिसार्ट आपराधिक गतिविधियों के केंद्र बने हुए है। अन्य प्रदेशों के अपराधी भी यहां घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बार्डर जिला होने के कारण यह क्षेत्र  अपराधियों के लिए अनुकूल है। हाल ही में रीवा शहर के एक होटल लड़के लड़कियों के लिए केबिन नुमा बाक्स देने के लिए प्रकाश में आया था। जहां रेप की घटना को अंजाम दिया गया। इन सबसे सबक लेते हुए पुलिस को और ज्यादा सक्रिय होकर कार्यवाही करने की आवश्यकता है।