Rewa News: सेल्फी लेने के चक्कर में चचाई जल प्रपात में गिरा लखनऊ से आया पर्यटक, मौके पर अफरातफरी
उत्तर प्रदेश से आया था पर्यटकों का दल, बाल-बाल बचा युवक

रीवा। जलप्रपातों को जिला कहे जाने वाले रीवा में यूं तो कई दार्शनिक वाटरफॉल मौजूद हैं। जहां बरसात के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि लगभग सभी वाटरफाल्स में सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। ऐसे में कई बार लोगों की अपनी गलती व कई बार सुरक्षा के अभाव में भारी खमियाजा भुगतना पड़ता है।
ताजा मामला जिले के सिरमौर क्षेत्र में स्थित चचाई जलप्रपात का है। जहां सेल्फी लेने के चक्कर में एक युवक वाटरफॉल में जा गिरा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। व परिजनों की चीखें निकल गईं। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि युवक बाल बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखनऊ से पर्यटकों का एक दल चचाई वाटर फाल देखने पहुंचा था। गु्रप में करीब 12 लोग शामिल थे। सभी वाटरफाल की सुंदरता को कैमरे में कैद करने फोटो खींच रहे थे कि अचानक उन्हीं में से एक युवक सचिन सिंह पिता सर्वेश सिंह उम्र 30 वर्ष सेल्फी लेने के दौरान चचाई वाटरफॉल में गिर गया। मौके पर हड़कंप मच गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को दी।
इधर, जानकारी मिलते ही प्लाटून कमांडर विकध पाण्डेय और सहायक प्रभारी शम्भू पाण्डेय सहित 13 सदस्यों की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई। टीम को घटनास्थल से युवक के साथियों द्वारा युवक के जीवित होने की सूचना मिली थी। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 3 बजे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक सही समय पर सूचना मिलने से युवक को सकुशल बचा लिया गया है।
बता दें कि लंबे समय से स्थानीय लोगों के द्वारा प्रशासन से मांग की जाती रही है कि सभी जलप्रपातों को पर्यटन स्थल के तर्ज में विकसित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए। लेकिन यह सभी मांगे दफ्तरों में धूल खा रही हैं। हाल ही में 13 दिनों पहले ही रीवा के गढ़ थाना अंतर्गत एक युवक ने क्योटी जल प्रपात में छलांग लगा दी थी। घटना में युवक की मौत हो गई थी। जहां सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर गोताखोरों की मदद से गहरे जलप्रपात से युवक के शव को बाहर निकाला गया था।