Rewa News: रीवा में लगाया गया विशेष मेडिकल कैंप, फ्री में हो रही हैं 50 तरह की जांचें, जल्दी कीजिए

 मोबाइल नम्बर पर 48 घंटे बाद मिलेगी जाँच रिपोर्ट

 | 
rewa news

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के विशेष प्रयासों से रीवा जिले में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच महाअभियान चलाया जा रहा है। जिले में 9 से 22 मार्च तक आयोजित इस अभियान में 18 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जाँच की जा रही है। इसमे 50 प्रकार की जाँचें शामिल हैं।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कि अभियान में अब तक 4 हजार व्यक्तियों की जाँच की गई है। जाँच के लिए खून तथा अन्य नमूने लिए गए हैं। इनमें ली गयी ब्लड सेम्पल की तीन हजार जॉचों की रिपोर्ट तैयार हो चुकी है तथा एक हजार रिपोर्ट लंबित हैं। सभी जाँचे पूरी तरह से नि:शुल्क हैं। शासन द्वारा अधिकृत संस्था साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड भोपाल द्वारा सभी जाँचे की जा रही हैं। जाँच के लिए जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा संजीवनी क्लीनिक में तकनीशियन तैनात किए गए हैं। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पुरूषों के सीबीसी, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, बिलरूबिन आदि की जाँच की जा रही है। महिलाओं में इन सभी जाँचों के अतिरिक्त थाईराइड और विटामिन डी की जाँच की जा रही है। सेम्पल देने के बाद लगभग 48 घंटे में जाँचे पूरी हो जाती हैं। व्यक्ति द्वारा दिए गए मोबाइल नम्बर पर जाँच रिपोर्ट भेजी जा रही हैं।

रोग के लक्षण पाए जाने पर होगा उपचार 
 जाँच कराने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण दर्ज किया जा रहा है। जाँच में यदि किसी रोग के लक्षण पाए जाते हैं अथवा किसी तत्व की कमी पाई जाती है तो रिपोर्ट में उसका उल्लेख किया जा रहा है। जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाकर डॉक्टर को दिखाएं। डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन करें। अभियान के दौरान एक लाख से अधिक व्यक्तियों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जाँच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जाँच करने वाली कंपनी के तकनीशियन स्वास्थ्य केन्द्रों में ही आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात हैं। तय समय सीमा में जाँचे पूरी करके उनकी नियमित रूप से रिपोर्ट दी जा रही है। पूरी जानकारी को ऑनलाइन भी दर्ज किया जा रहा है। अभियान के दौरान चिन्हित रोगियों के उपचार के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में 13 मार्च और 19 मार्च को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।