Rewa News: भट्टी की तरह तपा रीवा; 44 डिग्री के पार निकला पारा, गर्मी के पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त

शहर की गलियां रहीं सूनीं, लू के चपेट में आ रहे आम लोग, बचाव की सलाह 

 | 
rewa

नौतपा के तीसरे दिन प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह रीवा जिले में भी तापमान ने अपना कहर बरपाया। सोमवार को पारा सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 44 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया। हालात ये रहे कि भीषण तपन व लू के कारण आम लोग बाहर निकलने से बचते दिखे। शहर की सभी प्रमुख मार्ग खाली नजर आए। रीवा शहर के बाजार सहित गांवों में भी भीषण गर्मी की खबर है। 

बता दें कि जिले में पिछले 4 दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। प्रात:10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं जिसके कारण लू लगने की आशंका बढ़ गई है। जिले में 27 मई यानी सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सैल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।  जबकि दिनभर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही नौतपा के तीसरे दिन रीवा में गर्मी ने इस साल के अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।  रात में भी तापमान लगातार अधिक बना हुआ है। 

मौसम विभाग की माने तो रीवा में 8 जून तक ऐसी ही गर्मी पड़ने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के अुनसार कल यानी 27 और 28 जून को हल्की बारिश की संभावना भी है। वहीं आने वाले 4 दिनों में रीवा में मौसम का तापमान और बढ़ने वाला है। बता दें कि रीवा में मौसम विभाग पहले ही गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी कर चुका है। गर्मी की वजह से लू लगने की आशंका भी बढ़ गई है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने आमजनों को लू से बचाव की सलाह दी है। 

 

गर्मी का आलम यह रहा कि शहर की मुख्य सड़कें तक दोपहर के समय सूनी नजर आईं। भीषण गर्मी की वजह से दोपहर में बोदाबाग रोड, कैलाशपुरी, यूनिवर्सिटी, उपरहटी, तरहटी, निराला नगर की गलियां सूनी पड़ गई। वहीं तेजी से बढ़ते तापमान ने लोगों को अपना शिकार बनाया है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। हफ्ते भर पहले संजय गांधी अस्पताल में गर्मी की बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या प्रतिदिन 100 से 150 के बीच थी।  ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब वो संख्या बढ़कर 150 से 200 के बीच हो गई है। जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं। रीवा संभाग के सबसे बड़े संजय गांधी अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने से डॉक्टरों ने भी लोगों को धूम-गर्मी से बचने की सलाह दी है।

 
 rewa
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने आमजनों को लू से बचाव की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि लू से बचने के लिए जन सामान्य ज्यादा समय तक घर पर ही रहें। जिले में पिछले एक सप्ताह से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। दिन में 10 बजे के बाद गर्म हवाओं का प्रकोप हो जाता है। आमजन अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। खाली पेट घर से बाहर न जायें। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। दिन में कम से कम 12 से 15 गिलास पानी जरूर पियें। लू से बचाव के लिए देशी घरेलू उपाय अपनाएं। 


बाहर निकलने पर यह जरूर करें 
बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा और सर ढककर रखें तथा पानी साथ में जरूर रखें। पहनने के लिए सूती कपड़ों का अधिक उपयोग करें। लू से बचने के लिए खरबूज, तरबूज, ककड़ी, खीरा, आदि मौसमी फलों का सेवन करें। बेल, सौफ, पोदीना, धनिया आदि के शर्बत तथा छांछ के उपयोग से भी लू से बचाव होता है। अगर लू के लक्षण जैसे मिचली आने, गला सूखने तथा बुखार का प्रकोप होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करके उचित उपचार करायें।