Rewa News: पीएम मोदी ने रीवा के लिए लगाई सौगातों की झड़ी, 141.20 करोड़ की लागत होंगे 202 विकास कार्य

विकसित भारत विकसित मध्यप्रदेश कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण 

 | 
pm modi

 रीवा। विकसित भारत विकसित मध्यप्रदेश के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश में 16961 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने जिले में साइबर तहसीलों का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने उज्जैन में स्थापित विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रीवा जिले में 141.20 करोड़ की लागत के 202 कार्यों का शिलान्यास भी हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम टाउनहाल में आयोजित किया गया। इसके साथ-साथ सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में भी लोकार्पण और शिलान्यास के कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के सजीव प्रसारण को बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सुना। 


10.16 करोड़ के कार्य नगर निगम के
 जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम टाउन हाल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में अंतिम छोर तक के व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विगत 10 वर्षों में प्रदेश विकास के नित नए आयाम छू रहा है। रीवा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल के कुशल नेतृत्व में 22.20 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन आज संपन्न हुआ जिसमें 10.16 करोड़ के कार्य नगर निगम क्षेत्र के हैं। जिले में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है तथा अधोसंरचना निर्माण के कार्य तीव्र गति से कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण, पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं को भी लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने दिया।

rewa

विकास के नित नए आयाम हो रहे स्थापित 
 इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राज्यों के विकसित होने से ही भारत विकसित होगा। मध्यप्रदेश आज विकास की संकल्प यात्रा से जुड़ा है। यहाँ डबल इंजन की सरकार से विकास के नित नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। मध्यप्रदेश मेक इन इण्डिया का मजबूत संकल्प बनने की ओर अग्रसर है। हमारा एमपी अजब है और गजब है। यहाँ अधोसंरचना विकास के साथ-साथ सिंचाई सुविधाओं से नई क्रांति आ रही है।


 प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है। बीते दो दशकों में मध्यप्रदेश में विकास के लिए उमंग का वातावरण बना है। यहाँ गति व प्रगति के साथ सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहे हैं। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए किसानों को पशुपालन, मधुमक्खी पालन, डेयरी उद्योग तथा उद्यानिकी जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। मध्यप्रदेश देश में अग्रणी औद्योगिक राज्य बनने की ओर अग्रसर है। यहाँ शहरों के साथ-साथ गांवों में भी लोगों की आमदनी बढ़ाने के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। रेल व सड़क मार्गों की कनेक्टिविटी बढ़ने से मध्यप्रदेश विकास की नित नई ऊँचाईयाँ छू रहा है और डबल इंजन सरकार से आने वाले समय में भी यह प्रदेश उच्चतम पायदान पर होगा। आने वाले पाँच वर्षों में महिला सशक्तिकरण के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपके सपने ही हमारा संकल्प है।