Rewa News: रीवा में 1 करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से बन रहा मटन मार्केट, अब कहीं भी नहीं बिकेगा मटन

झिरिया में शुरू हुआ मार्केट का निर्माण, 8 माह के भीतर पूरा करने का टारगेट 

 | 
rewa

प्रदेश सरकार के द्वारा खुले में मांस न बेचने के आदेश के बाद अब रीवा के मटन व्यापारियों के लिए अलग से एक मटन मार्केट बनाया जा रहा है। जहां केवल मटन व्यापारी शासन की गाइडलाइन के अनुसार व्यापार करेंगे। यह मार्केट झिरिया स्थित मछली मार्केट के ऊपर बनाया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जानकारी के अनुसार यह मटन मार्केट 1 करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से बनकर तैयार होगा। जहां कुल 38 दुकानें रहेंगी। 

बनेंगी 38 दुकानें व 2 स्लॉटर हाउस
दरअसल शहर के अलग अलग जगहों में मांस बेचने की परंपरा को खत्म करने के लिए सभी मटन दूकानों को एक छत के नीचे से संचालित करने का फैसला लिया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए नगर निगम के कार्यपालन यंत्री एच के त्रिपाठी ने बताया है कि मटन मार्केट के निर्माण का ठेका कॉन्ट्रैक्टर विवेक शुक्ला को दिया गया है। 8 माह के भीतर ही निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। जिसमें 38 दुकानों सहित 2 स्लॉटर हॉउस रहेंगे। मार्केट का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। 

अधिकारियों की माने तो मध्यप्रदेश शासन का निर्देश है कि खुले में मटन की बिक्री पर रोक लगाए उसी को ध्यान में रखते हुए यहां इस मटन मार्केट का निर्माण किया जा रहा है। उक्त मार्केट के निर्माण के बाद शहर के सभी मटन विक्रेताओं को शिफ्ट किया जाएगा, जिसके बाद शहर में खुले में मटन नही बिक सकेगा।