Rewa News: नगर निगम रीवा ने की अब तक की सबसे अधिक राजस्व वसूली, इस साल वसूले 2175.40 लाख

वित्तीय वर्ष 2023-2024 का सम्पत्तिकर का कुल डिमाण्ड था 6610.75 लाख

 | 
nagar nigam

 रीवा। 31 मार्च यानी वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन रात तक नगर निगम रीवा में संपत्तिकर की वसूली जारी रही। नगर पालिक निगम रीवा ने वित्तीय वर्ष 2023-2024 के समाप्ति पर 31 मार्च 2024 तक की स्थिति में अब तक की सर्वाधिक राजस्व वसूली की है। वित्तीय वर्ष 2023-2024 में सम्पत्तिकर में रूपये 2175.40 लाख राजस्व प्राप्त हुई है जबकि वर्ष 2022-2023 में 1968.00 लाख, वर्ष 2021-2022 में 1850.00 लाख तथा वर्ष 2020-2021 में 1471.00 लाख की राजस्व सम्पत्ति कर मद में प्राप्त हुई थी। 


कुल 6610.75 लाख की थी डिमांड
वित्तीय वर्ष 2023-2024 का सम्पत्तिकर का डिमाण्ड 2387.93 लाख, पूर्व का बकाया रूपये 4222.81 लाख कुल 6610.75 लाख का था, जिसमें पूर्व बकाया में 861.90 लाख तथा चालू वित्तीय वर्ष का 1313.50 लाख कुल 2175.40 लाख की राजस्व वसूली प्राप्त हुई है। अभी वर्ष 2022-2023 तक का लगभग 33 करोड़ रूपये सम्पत्तिकर बकाया है। हालांकि, डिमांड के हिसाब से देखा जाए तो अभी आधी राशि भी निगम के खाते में नहीं है। लेकिन पिछले कई वर्षों की वसूली के दृष्टिगत इतनी राजस्व वसूली को ही संतोष जनक माना जा रहा हैं। 


निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर किये गये नवाचार में इस वर्ष के सम्पत्तिकर वसूली में जहां एक ओर राजस्व व वित्त विभाग के अधिकारियों /कर्मचारियों द्वारा बकायादारों से निरन्तर व्यक्तिगत सम्पर्क किया जाता रहा, वहीं बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक की जाकर होर्डिंग द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों एवं वार्ड के अन्दर भी होर्डिंग/फ्लैक्स लगावाए गये। कई बकायादारों के प्रतिष्ठान की तालाबन्दी भी करायी गई। निगम आयुक्त द्वारा शहर के भवनस्वामियों के द्वारा सम्पत्तिकर जमा करने पर उन्हें धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है तथा बकायादारों से अपेक्षा की है कि वह अपना बकाया सम्पत्तिकर शीघ्र जमा कराएं। 


निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली में लगे राजस्व एवं वित्त विभाग के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई देते हुए, वित्तीय वर्ष 2022-2023 के बकायादारों से सम्पत्तिकर की वसूली हेतु निरंतर सम्पर्क रखने के निर्देश दिए हैं।