Rewa News: कॉलेज चौक का अतिक्रमण हटाकर नगर निगम ने दिए स्पष्ट संकेत, अब आसान नहीं होगा अतिक्रमण

हर बार की तरह इस बार भी अतिक्रमणकारियों ने किया हंगामा, लेकिन यह दांव भी फेल

 | 
Rewa

रीवा। कॉलेज चौराहा में अतिक्रमण के ताबूत पर प्रशासन द्वारा शुक्रवार को अंतत: कार्यवाही की आखिरी कील ठोंक दी गई। नगर निगम द्वारा पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग से कालेज चौराहा के बचे हुए अतिक्रमणकारिस के टपरे भी हटा दिये गये। इन्हें हटाने के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन कार्य पालन यंत्री एचके त्रिपाठी ने सभी अतिक्रमणकारियों को हटा कर ही दम लिया। ये अतिक्रमणकारी हटने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन जब नगर निगम प्रशासन से सख्ती दिखाई तो विरोध करने की आखिरी कोशिश की गई।

 

 

 दरअसल जो अतिक्रमणकारी बचे हुए थे वे खुद को सेफ मानकर चल रहे थे। उन्हें इस बात का मुगालता हो गया था कि हर बार की तरह इस बार भी नौटंकी करके प्रशासन को कार्यवाही करने से रोकने में सफल हो जाएगे। लेकिन इस बार हालात बदले हुए थे इन्हें हटाने के लिए चौतरफा दबाव बनाया जा रहा था और नगर निगम की कार्यवाही पर भी सवाल उठने लगे थे। कारण कई बार कार्यवाही होने के बाद भी ये अतिक्रमणकारी अपने टपरे बचाने में सफल रहते थे। परन्तु अबकी बार वे अतिक्रमणकारी भी मोर्चे पर जमे हुए जिन्हें बार-बार हटा दिया जाता था। लिहाजा नगर निगम प्रशासन को पूरा अतिक्रमण हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

 

 


नजीर बन गई कालेज में की गई कार्यवाही
कॉलेज चौराहा में अतिक्रमणकारियों पर की गई निर्णायक कार्यवाही के बाद अब लोग कहने लगे है कि जो काम निगमायुक्त रहते मृणाल मीना और संस्कृति जैन नहीं कर पाये। वह काम जिला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ सोनवणे ने नगर निगम में निगमायुक्त का प्रभार पाते ही कर दिखाया। उनके द्वारा आगे के लिए ऐसा इंतजाम भी कर दिया है कि अतिक्रमणकारियों के लिए अब अतिक्रमण करना आसान नहीं होगा। बिजली के कनेक्शन के लिए एनओसी अनिवार्य कर दी गई है। पहली बार किसी चौराहे का शत-प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा सका है। कालेज चौराहे में की गई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही आगे के लिए नजीर बन गई है।

 

 


खूब हुआ हंगामा
कॉलेज चौराहे में बनाये गये सेल्फी प्वाइंट के बगल में कुछ अतिक्रमणकारियों ने अपने टपरे नहीं हटाये तो इसका विरोध होने लगा और ननि प्रशासन पर भी पक्षपात के आरोप लगने लगे। ये लोग हटने के लिए कह तो रहे थे लेकिन हटने के लिए तैयार नहीं थे। लिहाजा शुक्रवार को जब अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की गई तो इन लोगों ने हंगामा करना चालू कर दिया। कार्यपालन यंत्री एचके त्रिपाठी के साथ गाली गलौज तक की गई। एक टपरे वाला तो मारने के लिए भी आगे बढ़ा लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने ऐसा नहीं करने दिया। श्री त्रिपाठी भी अपने फैसले पर अंत तक अजि रहे। और सभी को बेदखल करके ही माने।

 

 

सिविल लाइन कॉलोनी मार्ग पर सभी को दिया गया स्थान
कॉलेज चौराहे से हटाये गये अतिक्रमणकारियों को फिलहाल आकाशवाणी के बगल से सिविल लाइन कालोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थान दिया गया है। कार्यवाही के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित होने के बाद नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और सभी को चौराहे से हटने के लिए कहा। उनके द्वारा अतिक्रमणकारियों को स्वयं हटने के लिए एक घंटे का समय भी दिया गया। सभी अतिक्रमणकारियों ने दिये गये स्थान पर सड़के के दोनो ओर अपनी- अपनी गुमटियां जमा ली है। अब उनके पास बिजली के कनेक्शन की समस्या आएगी। क्योंकि इन्हे बिना नगर निगम की एनओसी के बिजली का कनेक्शन नहीं मिल पाएगा।