Rewa News: रीवा में प्रतिमाओं का विसर्जन, विसर्जन कुण्ड में ही किया जाए: डॉ. सौरभ सोनवणे
छतुरिहा घाट बिछिया और करहिया घाट नम्बर 1 एवं 2 में बनाए गए हैं विर्सजन कुण्ड

रीवा। नगर पालिक निगम रीवा द्वारा दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु छतुरिहा घाट बिछिया एवं करहिया घाट नम्बर 1 एवं 2 में विसर्जन कुण्ड का निर्माण कराया गया है। जहां पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। निगमायुक्त द्वारा दल गठित करते हुये प्रतिमा विसर्जन स्थल छतुरिहा घाट बिछिया एवं करहिया घाट नम्बर एक हेतु कार्यपालन यंत्री एचके त्रिपाठी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, इसी प्रकार प्रतिमा विसर्जन स्थल करहिया घाट नम्बर दो हेतु कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जो विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपादित करेंगे।
बताया गया है कि समय चक्र अनुसार उपयंत्री, समयपाल, अतिक्रमण प्रभारी अपने दल के साथ व्यवस्थाओं को संपादित करेंगे। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्र जहॉ जन मानस द्वारा प्रतिबंध के बावजूद भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है जिनमें पुष्पराज नगर घाट, राजघाट, निपनिया पुल पुराना रपटा, छोटी पुल बीहर नदी का रपटा एवं बोदा तालाब वार्ड क्र. 9 में प्रतिमा विसर्जन रोकने एवं चालानी कार्यवाही हेतु दल का गठन किया गया है।
ज्ञात हो कि ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने शहर वासियों से अपील की है कि ग्रीन ट्रिब्यूनल के द्वारा निर्धारित गाइडलाइन अनुसार प्रतिमाओं का विसर्जन नगर पालिक निगम रीवा द्वारा निर्मित कराए गए विसर्जन कुण्ड में ही किया जाए।