Rewa News: जिला अस्पताल का OPD भवन होगा प्रदेश का सबसे सुसज्जित, डिप्टी सीएम बोले- खाली पदों पर होगी भर्ती

 बहुत जरूरी होने पर ही मरीजों को संजय गांधी अस्पताल के लिए करें रेफर: राजेन्द्र शुक्ल

 | 
rewa


गुड मॉर्निंग, रीवा। उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय के सभा भवन में आयोजित बैठक में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के भवन विहीन उप स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा अन्य संस्थाओं के नवीन भवनों के लिए तत्काल प्रस्ताव बनाएं। रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भी प्रस्ताव प्रस्तुत करें। हाल ही में जिले में अनुबंध के आधार पर 33 डॉक्टरों की पदस्थापना की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इनको तत्काल कर्त्तव्य पर उपस्थित कराएं। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में संसाधनों की किसी भी तरह की कमी नहीं रहेगी। उप मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में आधुनिक एक्स-रे सेंटर का शुभारंभ किया। 

माड्यूलर ओपीडी के लिए 1.50 करोड़ मंजूर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय का विकास और विस्तार तेजी से हुआ है। यह आधुनिक अस्पताल की तरह कार्य कर रहा है। नए भवन बन जाने से इसमें 100 बिस्तर में भर्ती की सुविधा हो जाएगी। अस्पताल में प्रसूति के लिए आने वाली महिलाओं के लिए कम से कम 60 बिस्तरों की व्यवस्था करें। जिला अस्पताल में माड्यूलर ओपीडी के लिए भी एक करोड़ 50 लाख रुपए मंजूर कर दिए गए हैं। इसका टेण्डर जारी हो गया है। इसका उपयुक्त स्थल पर निर्माण कराएं। पुराने भवन में पर्याप्त स्थान होने पर यहाँ निर्माण हो सकता है। नए भवन में भी मॉड्यूलर ओपीडी बनाई जा सकती है। एक अतिरिक्त माड्यूलर ओपीडी के लिए भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी। 

rewa

इन पदों पर होगी भर्ती
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्साकर्मियों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए कहा कि वार्ड ब्वाय, सुरक्षा कर्मी, रेडियोलॉजिस्ट तथा अन्य इसी तरह के पद जिनकी एनएचएम में भर्ती नहीं हो सकती है उनके लिए विभागीय भर्ती के प्रस्ताव दें। अति आवश्यक पदों की पूर्ति एनएचएम से भी कराई जाएगी। 

मरीजों को संजय गांधी रेफर न करें 
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले रोगियों का मन लगाकर उपचार करें। बहुत आवश्यक होने पर ही यहाँ से संजय गांधी हास्पिटल के लिए रोगी को रेफर करें। हम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा तहसील के सिविल अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों एवं डॉक्टरों से सुसज्जित करेंगे जिससे जिला चिकित्सालय और संजय गांधी अस्पताल में रोगियों को रेफर करने की आवश्यकता न पड़े। टेली मेडिसिन की व्यवस्था को भी अति प्रभावी बनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर से अतिक्रमण हटाने तथा जिला क्षय केन्द्र के भवन का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ संजीव शुक्ला ने जिला अस्पताल की पाँच वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
  
 निर्माणाधीन ओपीडी भवन का किया निरीक्षण
 उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में 100 बिस्तर का नया भवन तथा माड्यूलर ओपीडी भवन का निर्माण किया जा रहा है। मौके पर उपस्थित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 बिस्तर अस्पताल भवन तथा ओपीडी भवन का निर्माण 31 मार्च तक पूरा कराएं। जिससे मुख्यमंत्री जी के घोषणा का परिपालन किया जा सके। आधुनिक ओपीडी भवन से रोगियों को उपचार की आधुनिकतम सुविधाएं मिलेंगी। यह प्रदेश का सबसे सुसज्जित ओपीडी भवन होगा।  

dcm