Rewa News: रीवा में छत्रपति शिवाजी जी की भव्य प्रतिमा का उप मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, शहर का प्रवेश द्वार रहेगा गुलजार

डेढ़ एकड़ में विकसित किया गया है शिवाजी पार्क, लगाया जाएगा फव्वारा 

 | 
shiva ji

रीवा। नगर पालिक निगम रीवा क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्र. 15 में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना पेडेस्टल, पार्क एवं बाउड्रीवाल के निर्माण कार्य का लोकार्पण राजेन्द्र शुक्ल उपमुख्यमंत्री के हाथों हुआ। कार्यक्रम में पार्क के प्रवेश द्वार पर फीता काटकर पार्क का लोकार्पण करते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण पूजा अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये श्री राजेन्द्र शुक्ला उपमुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी राजे भोसले 1630-1680 ई. में भारत के एक महान राजा एवं रणनीतिकार थे। शिवाजी महाराज ने महज 16 साल की उम्र में तोरणा किले पर कब्जा करके अपना सैन्य अभियान शुरू किया। उन्होंने मुगलों और अन्य विदेशी शक्तियों के खिलाफ कई युद्ध लड़े और भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। 1674 ई. में पश्चिम भारत में मराठा साम्राज्य की स्थापना की, जिसने पश्चिम भारत में कई वर्षों तक शासन किया। सन् 1674 में रायगढ़ में उनका राज्याभिषेक हुआ और वह छत्रपति बने। 

डेढ़ एकड़ में बनाया गया पार्क 
 वार्ड क्रमांक 15 में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना एवं पार्क का निर्माण कार्य में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लागत रूपये 46.61 लाख, पार्क एवं बाउण्ड्रीवाल निर्माण की लागत रूपये 39.88 लाख, पेडेस्टल निर्माण लागत रूपये 12.30 लाख है। वार्ड क्रमांक 15 रतहरा में आर.टी.ओ. आफिस के पास लगभग 1.58 एकड़ शासकीय भूमि पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना एवं पार्क का निर्माण कार्य किया गया है। उक्त पार्क में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा एवं पेडेस्टल, वॉकिंग ट्रेक (पेवर ब्लॉक), लैण्उस्कैपिंग, पार्क की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण, हॉई मास्क, एवं वृक्षारोपण का कार्य कराया गया है। 

rewa
छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा 15 फिट ऊंचाई, 15 फिट लम्बाई तथा 05 फिट चौड़ाई की तैयार की गई है। मूर्ति को गन मेटल के मिक्सचर के साथ कापर, जिंक एवं लेड आदि धातूओं से मूर्तिकार देवेन्द्र सिंह वावनी द्वारा 2 वर्षों में तैयार किया गया है। इसके साथ ही रतहरा रिंग रोड चौराहे पर आईलैण्ड (चौराहे) का भी निर्माण कार्य कराया गया है जिसमें अनेक प्रकार के पौधों एवं वृक्षों का लगाया है जो कि भविष्य में रीवा-प्रयागराज, रीवा-शहडोल, एवं रीवा-सतना की ओर जाने वाले यात्रियों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनेगा। उपरोक्त पार्क के निर्माण से रीवा नगर वासियों को एक ओर नवीन पर्यटन स्थल प्राप्त हुआ है तथा रीवा शहर ने विकास की श्रेणी में एक कदम ओर आगे बढ़ाया है। 


इस मौके पर डिप्टी सीएम ने घोषणा की इस पार्क में एक भव्य फव्वारा भी लगाया जावेगा जो यहा की खूबसूरती में चार चॉद लगायेगा। उन्होनें कहा कि इस प्रकार के गौरवशाली कार्यो से शहर के लोग गौरवान्वित होते है, रीवा शहर के पूर्वी प्रवेश द्वार पर आर्कषक एवं रमणीय पार्क तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा रीवा शहर के गौरव को सुशोभित करेगी। 

rewa

उन्होने प्रतिमा का निर्माण करने वाले कलाकार  देवेन्द्र सिंह वावनी का अभिनन्दन करते हुये भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा निर्माण हेतु उन्हें बधाई दी। इस कार्य को समय सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने हेतु नगर निगम स्पीकर व्यंकटेश पाण्डेय, निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन एवं उनकी टीम को भी बधाई दी।