Rewa News: रीवा में बोले सीएम डॉ मोहन यादव- ये चुनाव ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है

डभौरा में जनसभा को किया संबोधित, बोरवेल में गिरे मासूम के लिए बोले- भगवान से करें प्रार्थना 

 | 
mohan yadav

रीवा। कांग्रेस ने आजादी के बाद 70 से अधिक वर्षों तक देश में राज किया। देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद गरीबों, आदिवासियों को पक्के मकान बनाकर नहीं दिए। इतना ही नहीं आजादी के बाद से अब तक हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम गर्भग्रह में प्रवेश नहीं कर सके। इसका कलंक भी कांग्रेस के माथे पर ही रहेगा। कांग्रेस के पास 70 वर्षों के पाप और कलंक धोने का अच्छा मौका था, लेकिन इन्होंने उसे भी ठुकरा दिया। यदि कांग्रेस श्रीरामलला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के आमंत्रण को स्वीकार करती और कार्यक्रम में शामिल होती तो भगवान श्रीराम इनके सारे पाप और कलंक धो देते, लेकिन कांग्रेस की तो किस्मत ही खराब है। वह अपने पाप और कलंक धोना ही नहीं चाहती, इसलिए भगवान ने भी उसकी बुद्धि हर ली है। उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रीवा लोकसभा के सिरमौर विधानसभा अंतर्गत डभौरा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

 

कांग्रेस ने हमेशा श्रीराम के लिए अड़ंगा लगाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भगवान श्रीराम के मामले में हमेशा से अड़ंगे लगाए। उन्होंने कोर्ट में भी भगवान श्रीराम के बारे में प्रश्न चिन्ह खड़े किए। अगर राम को गायब कर दोगे, तो शबरी माता का किस्सा कहां से आएगा? कांग्रेस ने हमारे देवी-देवताओं को नकारने का काम किया। 22 जनवरी के दिन मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे पाप माफ कर दिए, लेकिन नहीं आने वालों में एकमात्र पार्टी कांग्रेस का नाम है। जो भगवान श्रीराम को ठुकराएंगे, जनता उन्हें ठुकराएगी, आप हमारे भगवान का अपमान करोगे और फिर हमसे वोट की कामना करोगे। ये दोनों बातें नहीं चलेगी। इस पाप के लिए कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष माफी मांगे कि हमने भगवान श्रीराम का निमंत्रण ठुकराकर गलती की थी।

 

बालक बोर में गिरा, जिला प्रशासन जुटा हुआ है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा लोकसभा की सिरमौर विधानसभा के डभौरा में आयोजित जनसभा को शुरू करने से पहले कहा कि रीवा जिले में एक दुखद घटना हो गई है। यहां पर एक आदिवासी बालक बोर में गिर गया। इसके लिए कलेक्टर-एसपी को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है, लेकिन सभी मिलकर ईश्वर से बालक के लिए प्रार्थना करें। बारिश होने के कारण बचाव कार्य में भी परेशानियां आ रही हैं, लेकिन फिर भी जिला प्रशासन पूरी तन्मयता के साथ जुटा हुआ है। मैं भी लगातार कलेक्टर-एसपी से संपर्क में हूं।

 

ये ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह चुनाव ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने बेइमानों को उनके स्थानों पर पहुंचा दिया। अब कोई बेईमान जेल में है तो कोई जमानत पर बाहर हैं। अब सभी बेईमान एक साथ हो गए हैं। कोई ऐसा नेता बता दो जो भ्रष्टाचारी है और उस पर मुकद्मा नहीं चल रहा हो। चाहे सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी हों, प्रियंका गांधी हां, लालू प्रसाद यादव सहित कई अन्य नेता तो जमानत पर बाहर हैं और अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री तो जेल में ही हैं। यह धन से ज्यादा नैतिकता का चुनाव है। ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। 

 

रीवा से मेरा दोहरा रिश्ता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा से मेरा दोहरा रिश्ता है। मैं रीवा के लोगों को प्रणाम करता हूं। रीवा की धरती वाकई में अद्भुत है। भगवान श्रीराम का अयोध्या छोड़ने के बाद सबसे अच्छा समय इस विंध्य की धरती पर ही गुजरा।

mohan yadav


इस अंचल में कांग्रेस का झंडा पकड़ने वाला नहीं बचा: राजेद्र शुक्ल 
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पाकिस्तान मोदी सरकार से परेशान है। दुनिया के वो सारे देश के जो भारत के प्रति अच्छी भावना नहीं रखते वह सभी परेशान है। इस बार पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक की जनता नारे लगा रही है कि अबकी बार 400 पार भाजपा सरकार। इस अंचल में कांग्रेस का झण्डा पकड़ने वाला कोई नहीं बचा है। बहुजन समाज पार्टी का सफाया हो चुका है। पूरा अंचल भाजपा मय हो गया है। इस बार सिरमौर विधानसभा से बड़ी बढ़त भाजपा को मिलेगी। क्योंकि कांग्रेस और बसपा के नेता भाजपा में आ चुके है। सब मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। सिरमौर से एक लाख वोटों से जीताने का संकल्प दिव्यराज सिंह ने व्यक्त किया है। 6 लाख से अधिक से वोटों से रीवा लोकसभा जिताने का संकल्प रीवा ने लिया है। 


rajemndra shukla

सांसदी पद को जनता के चरणों में रखकर करता रहूंगा से: जनार्दन मिश्रा
भाजपा लोकसभा प्रत्याशी सांसद जनार्दन मिश्रा ने जनसभा में बोलते हुए कहा कि डभौरा रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए एक करोड़ रूपये स्वीकृत करा दिये हैं। जिसका काम जल्द शुरू होगा। कोरोना काल में बंद हुई सभी ट्रेनें पुन: चालू हो गई हैं। हर गरीब को मोदी जी पक्का मकान देने की गारंटी है। नरेन्द्र मोदी हैं तो किसी गरीब का चूल्हा नहीं बूझेगा और न ही कोई अन्न और गैस से वंचित होगा। उन्होंने जनता जनार्दन से मार्मिंक अपील करते हुए कहा कि मैं कोरोना काल में पूरी निष्ठा से सेवा किया हूं। आपके पैरों की धूल को सिर में रखकर सांसदी चलाई है। सांसदी का प्रभाव कभी न हमारे उपर न था और न होगा। मैं गरीबी में गुजर-बसर किया हूं। इसलिए मैं छल-प्रपंच और झूठ कोसो दूर हूं। सिर्फ सेवा ही जानता हूं।  


 

सैकड़ों लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता
 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के हाथों डभौरा में पूर्व विधायक राजकुमार उर्मिलिया के साथ सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। जवा के पूर्व जनपद अध्यक्ष नाथूलाल आदिवासी, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती आदिवासी, रमाकांत दुबे, शेष दुबे, कृष्ण कुमार मिश्रा सहित कांग्रेस और बसपा को छोड़कर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, भाजपा नेत्री श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, डॉ. रामसखा वर्मा, राजेश पाण्डेय सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।