Rewa News: रीवा जिले को 10 नई सीएम राइज स्कूलों की सौगात, संख्या बढ़कर हो जाएगी 22

सीएम राइज स्कूलों के मामले में रीवा विधानसभा सबसे ऊपर यहां कुल तीन स्कूलों के नाम  शामिल

 | 
CM Rise School

रीवा। सीएम राइज स्कूलों की संख्या बढ़ने वाली है। 12 स्कूलों पहले ही खोली गई थीं। अब 10 और नई खोली जाएंगी। मप्र शासन ने विधायकों से प्रस्ताव मांगा था। विधायकों के प्रस्ताव के बाद 10 नई जगहों को सीएम राइज के लिए चुना गया है। इसमें रीवा विस भी शामिल हैं। रीवा शहर में एक सीएम राइज गर्ल्स स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र में एक ब्वायज सीएम राइज स्कूल खुलेगी ।

स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों को टक्कर देने और गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए सीएम राइज स्कूल की शुरुआत की। पहले चरण में रीवा जिला में 12 सीएम राइज स्कूल चिन्हित किए गए। इनकी शुरुआत भी हो गई है। इन स्कूलों के लिए नए भवन बनाए जा रहे हैं। वर्तमान समय में पुरानी स्कूल बिल्डिंग में ही इनका संचालन किया जा रहा है। सीएम राइज स्कूलों की डिमांड बढ़ने के बाद फिर से इनकी संख्या में इजाफा किया जा रहा है। इस मर्तबा सरकार ने विधायकों से प्रस्ताव मांगा था।


 विधायकों के प्रस्ताव के बाद ही नए सीएम राइज स्कूलों को खोलने की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। रीवा के खाते में 10 नई सीएम राइज स्कूलें आई हैं। इसमें रीवा शहर भी शामिल है। रीवा शहर में सीएम राइज स्कूल खोली जाएंगी। फिलहाल पाण्डेन टोला स्कूल को इसके लिए चुना गया है लेकिन तय मापदंड में यह स्कूल परिसर भी फिट नहीं बैठ रही है। ऐसे में अन्यन्त्र जगह की तलाश जारी है। हालांकि जहां भी यह स्कूल खुलेगी उसका नाम पाण्डेन टोला स्कूल ही रहेगा। 

फिलहाल इन स्थानों में सीएम राइज स्कूलें हैं संचालित
सीएम राइज स्कूलों में प्रमुख रूप से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या पीके, शासकीय उत्कृष्ट उमावि रायपुर कर्चुलियान, शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय त्योंथर, शासकीय उत्कृष्ट उमावि मऊगंज, शासकीय उत्कृष्ट उमावि सिरमौर, शाउमावि बालक डभौरा, शाउमावि बालक मनगवां, शाउमावि ढेरा, शाउमावि बालक देवतालाब, शाउमावि रघुराजगढ़, शाउमावि कन्या सेमरिया, शाउमावि आरआर द्विवेदी गौरी शामिल हैं। इनका संचालन शुरू हो गया है।

रीवा  विधानसभा में अब तीन स्कूलें हो जाएंगी
सीएम राइज स्कूलों के मामले में रीवा विधानसभा सबसे ऊपर है। यहां तीन स्कूलें स्वीकृत हुई है। इसमें रीवा शहर में पीके स्कूल पहले से ही सीएम राइज थी। नई गर्ल्स स्कूल पाण्डेन टोला बनाई जाएगी। इसके अलावा एक स्कूल सगरा में खोली जाएगी। सगरा में ब्वायज को प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा सिरमौर, सेमरिया में भी सीएम राइज स्कूले स्वीकृत हुई हैं। इन सभी नई स्वीकृत स्कूलों के लिए जमीन की तलाश जारी है। पांच एकड़ भूमि इसके लिए चाहिए। प्रशासन जमीन की तलाश में जुटा हुआ है।