Ram Mandir Ayodhya: रीवा में बोले दिग्विजय सिंह- भाजपा का मक़सद ढांचे को तोड़ना था ना कि मंदिर बनाना

 देर से आने पर पत्रकारों से कान पकड़कर मांगी माफ़ी

 | 
rewa news

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने कांग्रेस के बड़े नेता व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर रीवा पहुंचे। बैठक से पहले मीडियाकर्मियों से बातचीत कर उनके सवालों के जवाब भी दिए। वहीं अयोध्या राम मंदिर निर्माण को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि  भाजपा का मक़सद ढांचे को तोड़ना था ना कि मंदिर बनाना था। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर आरोप भी लगाए। 

हर कार्यकर्ता हार का जिम्मेदार 
वहीं हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी हार और उस हार का जिम्मेदार कौन, के सवाल पर पूर्व सीएम बोले कि मैं इसके लिए गांधी परिवार को जिम्मेदार नहीं मानता इसके लिए मेरे जैसा हर कांग्रेस कार्यकर्ता जिम्मेदार है। वहीं भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि आजकल देश में संवैधानिक अधिकारों को समाप्त करने का कुटिल प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और संविधान खतरें में है और लोकसभा व राजयसभा में बिना चर्चा के बिल पास किए जा रहे हैं।

...तो 5 मिनट में मर जाते सांसद
एक उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि संसद जैसे संवेदनशील सुरक्षित स्थान पर दो बेराजगार युवकों ने घुस कर गैस छोड़ दी। अच्छा हुआ कि गैस जहरीली नहीं थी। नहीं तो कई सांसदों की जान जा सकती थी। उन्होंने बताया कि  एसआरआईएननाम की एक बेहद जहरीली गैस होती है। अगर युवकों ने वो गैस छोड़ दी होती तो उस वक्त सदन में जितने भी नेता थे वो पांच मिनट में ही मर सकते थे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद देश के गृहमंत्री और प्रधानमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए था कि इतनी बड़ी घटना कैसे हुई।

कान पकड़ कर मांगी माफी
इससे पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की ये पत्रकारवार्ता अपने तय समय से एक घंटे की देरी से शुरू हुई, जिस पर सबसे पहले दिग्विजय सिंह ने देरी से आने के लिए पत्रकारों के सामने कान पकड़कर कहा कि मैं माफ़ी चाहता हूं। फिर उन्होंने देरी के पीछे की वजह भी बताई और कहा कि आज ट्रेन एक घंटे लेट थी जिस वजह से कार्यक्रम में देरी हुई है।