MP Election: अखिलेश यादव ने विंध्य से की सपा के चुनावी अभियान की शुरुआत, रीवा के सिरमौर में की आम सभा
केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकार पर साधा निशाना, बोले- पहले गरीब बनाया, अब लाड़ली बहना बना रहे

रीवा। एकदिवसीय प्रवास के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिरमौर पहुंचे। यहां चुनावी सभा को संबोधित किया। कहा कि आपका वोट विधानसभा चुनाव में एक संदेश देगा। इस चुनाव को देश का चुनाव समझें। भाजपा किए गए वादों को पूरा नहीं करती है मध्य प्रदेश की वर्तमान सरकार पहले लोगों को गरीब बनाती है बाद में उसे लाड़ली बहाना बनाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गुजरात से ही कोई प्रधानमंत्री बनता होता, तो फिर उत्तर प्रदेश में क्यों आए प्रधानमंत्री, क्योंकि वे जानते हैं कि यूपी को जीते बिना दिल्ली की सरकार नहीं बनेगी। इसलिए मध्य प्रदेश के साथियों से कहने आया हूं कि भाजपा के लोग बेईमान, झूठे हैं। वादे पूरा नहीं करते। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के अंदर सपा है। लेकिन, सपा की लड़ाई अपने अलग रास्ते की भी है।
20 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी सपा
अखिलेश यादव ने कहा-अभी बीजेपी ने लोकसभा में तस्वीर दिखाई नारी शक्ति वंदन बिल आ गया। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में अभी सूची जारी की है। 33 प्रतिशत माताओं - बहनों को टिकट दिया हो तो बता दो। बीजेपी के लोग 33प्रतिशत लड़ाएं या न लड़ाएं, सपा 20 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी। 33 प्रतिशत आरक्षण का सपना न जाने कब पूरा होगा।
पहले गरीब बनाया अब लाड़ली बहन बना रहे
केंद्र और मध्य प्रदेश की सरकार ने पहले मिलकर गरीब बनाया। जब लगा कि हम गरीबों को कुछ नहीं दे पाए तो लाड़ली बहना जैसी योजनाएं बना दीं। हमारी माता-बहनों का सम्मान 1, 2, 3 हजार में नहीं होगा। कम से कम उन्हें 6 हजार रुपए मिलेंगे, तब सम्मान हो पाएगा। ये लोग कहेंगे कि 6 हजार कैसे दोगे? हम उनसे कहेंगे कि सरकार से हट जाओ। हम 6 हजार रुपए देकर दिखा देंगे। सिरमौर के नगर पंचायत ग्राउंड में सपा का सम्मेलन आयोजित किया गया।