MP Election 2023: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मऊगंज में बोले- मध्य प्रदेश को डबल इंजन की नहीं, नए इंजन की ज़रूरत

बीजेपी सरकार पर आप नेताओं ने साधा निशाना, आम आदमी पार्टी को बताया विकल्प

 | 
aap

मऊगंज। कलेक्ट्रेट भवन ग्राउंड पर आम आदमी पार्टी की बड़ी चुनावी जनसभा हुई। चुनावी सभा को पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने संबोधित किया। दोनों ही नेताओं ने आप प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगा। 


पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग इतनी देर से इंतजार करते हुए बैठे हैं ये पक्का परिवर्तन की निशानी है। मैंने ये पंजाब में देखा है। 18 साल से एमपी में एक ही सरकार चली जा रही है। पेड़ भी 1 साल में पत्ते बदल लेते हैं। मध्य प्रदेश वालों इस बार तुम सरकार बदल लो। सीएम मान ने कहा कि मध्य प्रदेश को डबल इंजन मिला था लेकिन गाड़ी तो चली ही नहीं। अब डबल इंजन की नहीं नए इंजन की जरूरत है। देश में केजरीवाल इंजन नया लॉन्च हो गया है। यह इंजन प्रदूषण भी नहीं फैलाता। फटाफट स्पीड है। दिल्ली और पंजाब के लोगों ने ये मॉडल अपना लिया है। उन्होंने कहा कि आपके पास 37 दिन रह गए हैं। 17 नवंबर को आपके पास मौका आएगा। ये मौका 5 साल में एक बार मिलता है वो भी 9 घंटे के लिए। आपने 9 घंटे जागते हुए, अपनी इच्छा के मुताबिक, अपने बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए इस्तेमाल कर लिए और झाड़ू का बटन दबा दिया तो ये घंटे इतिहास में लिखे जाएंगे। कहा जाएगा कि जब मध्य प्रदेश बरबाद हो रहा था तो किसने बचाया, मऊगंज के लोगों का नाम इतिहास में लिखा जाएगा। 


 जनसभा को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक ने कहा कि एमपी में चारों ओर बदलाव की बयार चल रही है। जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आपने 75 साल तक भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को जिताया, उन्हें प्यार दिया। इन्होंने आपको क्या दिया? भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने आपकी उम्मीदों को धोखा दिया। अब आपको हिसाब किताब लेना है। दोनों नेताओं ने देवतालाब से आप प्रत्याशी दिलीप सिंह गुडडू, मऊगंज से उमेश त्रिपाठी व मनगवां से वरूण अंबेडकर के लिए वोट की अपील की।