Rewa News: रीवा कलेक्ट्रेट पहुंचकर महिला ने दी आत्मदाह की धमकी, पुलिस ने पहुंचकर किया काबू

महिला थाने में दर्ज हुआ आपराधिक प्रकरण, छेड़खानी का लगाया था आरोप

 | 
Rewa

रीवा। कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक महिला ने आत्मदाह की धमकी दी। उसके शरीर से पेट्रोल की बदबू आ रही थी जिससे कलेक्ट्रेट में हड़कंप की स्थिति बन गई। आनन-फानन में पुलिस पहुंच गई जिसने महिला को काबू किया और उसे थाने लेकर आई। महिला की रिपोतर्ट पर आपराधिक कायम किया गया है। 


बताया गया है कि कलेक्ट्रेट पहुंचकर महिला ने आत्मदाह की धमकी दी है। समान थाना क्षेत्र के बेलौहन टोला मोहल्ले में एक महिला परिचित के घर में नौकरी मांगने गई थी। घर में महिला के साथ अश्लील हरकत की गई जिसके उपरांत महिला ने पहले मोहल्ले में हंगामा किया और फिर समान थाने आ गई।

समान थाने की पुलिस को महिला ने पूरी घटना बताई जिस पर पुलिस ने अनावेदक पक्ष कों बुलाया। दोनों पक्षों की बातों को पुलिस सुन रही थी तभी महिला थाने से चली और अपने कपड़ों में पेट्रोल डालकर वह कलेक्ट्रेट पहुंच गई। 


बताया गया है कि महिला ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने की धमकी दी जिसकी वजह से हंगामा मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया ताकि वह आग न लगा ले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर आनन-फानन में पुलिस कलेक्ट्रेट पहुंच गई। पुलिस महिला को लेकर थाने आई। महिला ने अपने साथ छेड़खानी की बात बताई जिसमें पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। महिला थाने की पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर उसे विवेचना में लिया है।


इनका कहना है-
एक महिला आवेदन लेकर कार्यालय आई थी जो अपने ऊपर पेट्रोल डाले हुए थी। तुरंत महिला थाने को सूचना दी गई। पुलिस को महिला की  फरियाद सुनकर कार्रवाई के आदेश दिये गये है।
- प्रतिभा पाल, कलेक्टर


इनका कहना है-
एक महिला आज कपड़ों में पेट्रोल डालकर कलेक्ट्रेट गई थी। सूचना तुरंत कलेक्ट्रेट पहुंचकर उसको थाने लाया गया। उसने अपने साथ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध किया है। वह नौकरी मांगने गई थी जहां उसके साथ अभद्रता हुई थी।
- निशा मिश्रा, महिला थाना प्रभारी