Rewa News: रीवा में रोके गए वाहन, प्रयागराज महाकुम्भ में भीड़ बढ़ने के बाद लाखों वाहन जाम में फंसे

शनिवार को प्रयागराज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धीरे-धीरे करके वाहनों को किया रवाना

 | 
Rewa

रीवा। प्रयागराज के महाकुंभ में आज फिर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से वाहनों को रोकने की स्थिति बन गई। एमपी बार्डर पर तड़के से सभी वाहनों को रोकना शुरू कर दिया गया था जिसकी वजह से लम्बा जाम लग गया था। उसके बाद दूसरे होल्डिंग प्वाइंट में भी वाहनों को रोक दिया गया। धीरे-धीरे सभी वाहनों को छोड़ा जा रहा था जिसकी वजह से श्रद्धालुओं की जमकर फजीहत हुई।


 बताया गया है कि प्रयागराज में आज उमड़ी भीड़ के बाद एमपी में वाहनों के पहिए थम गए। बीती रात बड़ी संख्या श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच गए। शनिवार को एकादशी के चलते श्रद्धालुओं की काफी ज्यादा संख्या प्रयागराज पहुंच गई थी। प्रयागराज के जारी, गौहनिया व नैनी में भीषण जाम बीती रात लग गया था और कई किमी तक वाहन फंसे रहे।


 इसे देखते हुए प्रयागराज प्रशासन ने रीवा के अधिकारियों को वाहन रोकने के निर्देश दिए। आज सुबह बॉर्डर पर प्रयागराज जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया। सुबह से ही श्रद्धालु चाकघाट बॉर्डर पर जाम में फंस गए थे। चाकघाट बॉर्डर में कुछ देर बाद ही वाहनों की लंबी कतार लग गई जिसकी वजह से कलवारी, मनगवां, जोगनिहाई और बेला में भी वाहनों को रोका गया। तीन से चार घंटे तक बेला में वाहन रुके रहे।


 बताया गया है कि प्रयागराज में जैसे-जैसे भीड़ कम हो रही थी वैसे बॉर्डर से वाहनों को रवाना किया जा रहा था। भीड़ बढ़ती देख प्रशासन ने रैन बसेरा में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था बना ली थी। हालांकि प्रयागराज में भीड़ कंट्रोल होने के बाद धीरे-धीरे वाहनों को छोड़ दिया गया जिससे स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हो पाई। चाकघाट बॉर्डर पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा जो कुंभ यात्रियों के लिए व्यवस्था बनाने में जुटा था।


कलेक्टर व एसपी बार्डर पहुंचे

Rewa


प्रयागराज में भीड़ बढने के बाद कुंभ यात्रियों को चाकघाट बॉर्डर मंे रोका गया था जिसके बाद उनकी व्यवस्था के लिए खुद कलेक्टर प्रतिभा पाल व एसपी विवेक सिंह चाकघाट पहुंच गए। अधिकारियों ने तत्काल कुंभ यात्रियों की व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को भोजन व पानी सहित दूसरी सामानों की आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई गई। खुद अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे। 


टोल प्लाजा में दस किमी लंबा जाम

Rewa


कुंभ यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद टोल प्लाजा में भी आज भीषण जाम लगा हुआ था। लाखों वाहन प्रयागराज जा रहे थे जिसकी वजह से उनको जोगनिहाई व सोहागी टोल प्लाजा में जाम का सामना करना पड़ा। जोगनिहाई टोल प्लाजा का जाम रायपुर कर्चुलियान तक पहुंच गया था। भीड़ बढ़ने के बाद बेला में वाहनों को रोका जाने लगा जिससे स्थिति नियंत्रण में आई। 


श्रद्धालुओं को दिया गया भोजन, युवाओं ने बांटी चाय

Rewa


चाकघाट में जाम में फंसे लोगों की व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भोजन का वितरण किया गया। खनिज विभाग ने श्रद्धालुओं को भोजन वितरित किया जिससे कोई भी जाम की वजह से भूखा न रहे। स्थानीय युवकों ने श्रद्धालुओं को नि:शुल्क चाय का वितरण किया। सभी लोगों को उन्होंने चाय पिलाई। 


इनका कहना है-
प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी ज्यादा हो गई थी जिसकी वजह से चाकघाट में वाहनों को अहतियात के तौर पर रोका गया था। धीरे-धीरे वाहनों को छोड़ा जा रहा था जिससे प्रयागराज में भीड़ न बढ़ने पाए। श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारी सहित पुलिस बल तैनात रहा।
-विवेक सिंह, एसपी रीवा