Rewa News: रीवा के एसएएफ ग्राउंड में होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह, डिप्टी सीएम करेंगे ध्वजारोहण

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र के प्रहरियों का होगा सम्मान

 | 
Rewa

रीवा। आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह एसएएफ  मैदान रीवा में आयोजित किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल सुबह 8:58 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्य अतिथि प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे।


 उप मुख्यमंत्री सुबह 9:०8 बजे से मुख्यमंत्री  के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करेंगे। इसके बाद समारोह मंप आकर्षक परेड और मार्चपास्ट किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री प्रात: 9:41 बजे शांति का संदेश देने के लिए रंगीन गुब्बारों को मुक्त गगन में छोड़ेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त करेंगे। 


समारोह के मुख्य अतिथि प्रात: 9:45 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान करेंगे। समारोह में प्रात: 9:55 बजे मध्यप्रदेश गान का गायन होगा। समारोह में प्रात: 10 बजे से 10:35 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियाँ प्रदर्शित की जाएंगी। समारोह में मुख्य अतिथि प्रात: 10:40 बजे श्रेष्ठ कार्य करने वालों को पुरस्कृत करेंगे। 


समारोह का समापन प्रात: 11 बजे होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री शुक्ल दोपहर 12 बजे से हाईस्कूल चोरहटा में आयोजित जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन में शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम के टाउनहाल में शाम 6 बजे से भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भोपाल तथा सतना के लोक कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।  


विकासखण्ड तथा ग्राम पंचायत में भी होंगे समारोह
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि विकासखण्ड स्तर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ऐसी नगर परिषदें जो विकासखण्ड मुख्यालय में स्थित नहीं हैं वहाँ नगर परिषद के अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ग्राम पंचायत में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इन समारोहों में ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन होगा। 


कलेक्टर ने कहा है कि सभी संबंधित अधिकारी ध्वज संहिता का पालन करते हुए गणतंत्र दिवस में ध्वजारोहण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल में प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करें। गणतंत्र दिवस समारोह में सांसदगण, विधायकगण, महापौर, पार्षदगणों, गणमान्य नागरिकों, सैन्य व असैनिक अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर उनके बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वयोवृद्ध हैं अथवा अस्वस्थ हैं उन्हें उनके घर जाकर सम्मानित किया जाएगा।